दिल्ली में 1.75 लाख से ज्यादा टीबी मरीज, 38 इलाके हाई रिस्क में; पश्चिम जिला सबसे ज्यादा प्रभावित
दिल्ली में एआई आधारित मैपिंग में 1.75 लाख से अधिक टीबी मरीज पाए गए हैं, जिसमें 11 जिलों के 38 ...और पढ़ें

दिल्ली के 11 जिलों में कुल 1.75 लाख से अधिक टीबी मरीज मिले, जबकि इन जिलों के 38 क्षेत्रों को हाई रिस्क के रूप में चिन्हित किया गया।
HighLights
दिल्ली में 1.75 लाख से अधिक टीबी मरीज मिले।
कुल 38 क्षेत्र हाई रिस्क जोन के रूप में चिन्हित।
पश्चिमी दिल्ली में टीबी का सर्वाधिक प्रभाव देखा गया।
अनूप कुमार सिंह, नई दिल्ली। 24 मार्च को विश्व टीबी दिवस पर एक बार फिर राष्ट्रीय राजधानी को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया था। इसके बाद जून और जुलाई में केंद्र व दिल्ली सरकार ने टीबी अभियान की समीक्षा कर जांच और मरीजों की पहचान तेज करने के निर्देश दिए थे।
38 क्षेत्र हाई रिस्क के रूप में चिन्हित
हालांकि, हाई रिस्क मैपिंग में अब सामने आए आंकड़े दिल्ली में टीबी की गंभीरता को दर्शा रही है। एआइ आधारित मैपिंग (इसमें मरीजों, बीमारी और जनसंख्या से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण कर अधिक टीबी प्रभावित वाले क्षेत्रों की पहचान की जाती है) में दिल्ली के 11 जिलों में कुल 1.75 लाख से अधिक टीबी मरीज मिले, जबकि इन जिलों के 38 क्षेत्रों को हाई रिस्क के रूप में चिन्हित किया गया।
हाई रिस्क टीबी केंद्रित क्षेत्र की जनसंख्या 19.34 लाख
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार यहां की जनसंख्या 88 लाख 78 हजार 636 है और 80 प्रतिशत से अधिक हाई रिस्क टीबी केंद्रित है। पश्चिम जिला को सबसे ज्यादा प्रभावित पाया गया, यहां हाई रिस्क टीबी केंद्रित क्षेत्र की जनसंख्या 19.34 लाख है।
उत्तर-पश्चिम में 18.61 लाख व दक्षिण-पश्चिम में 16.52 लाख जनसंख्या हाई रिस्क में है। इन तीन स्थानों के 54.46 लाख से अधिक लोग हाई रिस्क में है। अब दिल्ली सरकार इसे लेकर गंभीर हो गई है, सरकार ने कहा है कि सहमति से हर मरीज की अनिवार्य रूप से टीबी जांच कराई जाएगी।

मार्च में संकल्प, जून-जुलाई में समीक्षा
राष्ट्रीय राजधानी की यह स्थिति तब है जब विश्व टीबी दिवस पर इस वर्ष मार्च में 100 दिवसीय सघन टीबी उन्मूलन अभियान शुरू किया गया था। जून में दिल्ली सरकार ने अभियान की प्रगति की समीक्षा की और टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। इसके बाद एक जुलाई को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने दिल्ली सरकार के साथ समीक्षा बैठक की।
दावा है टीबी मुक्त दिल्ली का लक्ष्य हासिल करने का
उन्होंने प्रत्येक वार्ड की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारी लगाने, जनप्रतिनिधियों को अभियान से जोड़ने और जमीनी स्तर पर स्वयंसेवकों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इस मामले में पूछे जाने पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि अभियान पूरी तेजी से चल रहा है, सभी जनप्रतिनिधियों की भागीदारी उसमें सुनिश्चित कराई जा रही है। दावा किया कि हम टीबी मुक्त दिल्ली का लक्ष्य हासिल करेंगे।
