विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में मंगलवार को दर्ज हुई 3 साल की सबसे ठंडी सुबह, सामान्य से नीचे गिरा पारा; IMD ने दिया ताजा अपडेट

Published: Tue, 27 Oct 2026 02:48 PM (IST)

दिल्ली में मंगलवार को पिछले तीन सालों में अक्टूबर की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई, न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

सांकेतिक तस्वीर, एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर, एआई जनरेटेड

HighLights

  1. दिल्ली में तीन साल की सबसे ठंडी अक्टूबर सुबह दर्ज।

  2. न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से कम रहा।

  3. शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक मध्यम श्रेणी में दर्ज।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में धीरे-धीरे मौसम करवट ले रहा है। अब सुबह और शाम गुलाबी ठंड रहने लगी है। मंगलवार की सुबह इसका सबसे बड़ा उदाहरण रही, जब बीते तीन सालों का अक्टूबर का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया।
 
दिल्ली में मंगलवार की सुबह न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले तीन वर्षों में अक्टूबर का सबसे कम तापमान है। इससे पहले शहर में 27 अक्टूबर 2023 को इससे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था, जब पारा 15.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था।
 
IMD के अनुसार, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री कम यानी 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पालम में यह सामान्य से 2.3 डिग्री कम 15.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि लोधी रोड में सामान्य से 0.4 डिग्री कम 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री कम 16.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि आयानगर में सामान्य से दो डिग्री कम 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कैसा रहा AQI?

समीर ऐप के अनुसार, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 168 रहा, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। CPCB के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच AQI को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।
 
मौसम विभाग ने दिन के समय मुख्य रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है, जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।