दिल्ली पुलिस का पटाखों के खिलाफ बड़ा अभियान, 1,073 किलो पटाखे जब्त; 10 मुकदमे किए दर्ज
दिल्ली पुलिस के उत्तरी जिले ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान तेज ...और पढ़ें

पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर जिले के विभिन्न इलाकों से कुल 1,073.426 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं और 10 एफआईआर दर्ज की हैं। एआई इमेज
HighLights
उत्तरी जिले में अवैध पटाखों पर पुलिस की कार्रवाई तेज।
1,073 किलोग्राम से अधिक पटाखे जब्त, 10 एफआईआर दर्ज।
जन सुरक्षा हेतु नियमों का पालन करने की पुलिस की अपील।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए दिल्ली पुलिस के उत्तरी जिले ने अवैध पटाखों की बिक्री, भंडारण और कब्जे के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर जिले के विभिन्न इलाकों से कुल 1,073.426 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं और 10 एफआईआर दर्ज की हैं।
5 थाना क्षेत्रों में हुई छापेमारी, सब्जी मंडी से सबसे ज्यादा जब्ती
उत्तरी जिला पुलिस की टीमों ने लाहौरी गेट, बुराड़ी, कोतवाली, बाड़ा हिंदू राव और सब्जी मंडी पुलिस स्टेशनों के तहत आने वाले इलाकों में छापेमारी कर यह जब्ती की है...
- थाना सब्जी मंडी: 3 मामलों में कुल 622.88 किलो पटाखे बरामद किए गए (गली मंदिर वाली, आर्य मंदिर के पास और पुल बंगश, रोशनआरा रोड से)।
- थाना बाड़ा हिंदू राव: महावीर बाजार क्षेत्र से 3 मामलों में 178.50 किलो पटाखे जब्त किए गए।
- थाना कोतवाली: अंगूरी बाग फूल वाला रोड और चांदनी चौक में मोती सिनेमा के पास से 2 मामलों में 107.600 किलो पटाखे बरामद हुए।
- थाना लाहौरी गेट: सर शोभा सिंह पॉलीक्लीनिक के पास से 88.916 किलो पटाखे जब्त किए गए।
- थाना बुराड़ी: हिमगिरी, बुराड़ी की गली नंबर 11 से 75.530 किलो पटाखे जब्त किए गए।
इन सभी मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं और एक्सप्लोसिव्स एक्ट के तहत प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं।
पुलिस ने की अपील
उत्तरी जिले की उपायुक्त (डीसीपी) आईपीएस निहारिका भट्ट ने बताया कि भीड़भाड़ वाले बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में पटाखों का अवैध भंडारण और असुरक्षित रख-रखाव बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। इससे आग लगने और जन-धन के नुकसान का गंभीर जोखिम बना रहता है। पुलिस का उद्देश्य नियमों का सख्ती से पालन कराना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
जनता और व्यापारियों से अपील
दिल्ली पुलिस ने सभी नागरिकों, व्यापारियों, दुकानदारों और मकान मालिकों से अपील की है कि वे पटाखों से संबंधित नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अवैध बिक्री या भंडारण से दूर रहें। साथ ही, पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि यदि वे अपने आसपास, विशेषकर भीड़भाड़ वाले बाजारों या रिहाइशी मकानों में अवैध पटाखों के भंडारण या बिक्री की कोई गतिविधि देखें, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय पर कानूनी कार्रवाई की जा सके।
