विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BRICS में आए दक्षिण अफ्रीकी डेलीगेट का 3 लाख रुपये से भरा बैग कैब में छूटा, पुलिस ने 35 मिनट में खोज निकाला

Published: Mon, 14 Sep 2026 08:39 PM (IST)

दक्षिण अफ्रीकी ब्रिक्स प्रतिनिधि का दिल्ली में कैब में छूटा लाखों रुपये से भरा बैग पुलिस ने 35 मिनट में ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यूएस करेंसी से भरा बैग सुरक्षित खोज निकाला। ANI

दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यूएस करेंसी से भरा बैग सुरक्षित खोज निकाला। ANI

HighLights

  1. ब्रिक्स प्रतिनिधि का लाखों रुपये से भरा बैग कैब में छूटा।

  2. दिल्ली पुलिस ने 35 मिनट में तत्परता से बैग बरामद किया।

  3. फ्लाइट छूटने से पहले प्रतिनिधि को समय पर सामान मिला।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने दिल्ली आए दक्षिण अफ्रीकी डेलीगेट का करीब तीन लाख रुपये की भारतीय और अमेरिकी मुद्रा से भरा बैग रविवार शाम अचानक गायब हो गया। डेलीगेट को कुछ ही देर बाद स्वदेश लौटने के लिए फ्लाइट पकड़नी थी। ऐसे में बैग की तलाश के लिए उनके पास ज्यादा समय नहीं था। बाराखंभा रोड थाना पुलिस ने सूचना मिलते ही कैब की जानकारी जुटाई और महज 35 मिनट में बैग बरामद करके डेलीगेट को सुपूर्द कर दिया।

फ्लाइट जाने में बचे थे मात्र 30 मिनट

बैग कैब की सीट के नीचे मिला। जांच और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने रात करीब 8:15 बजे डेलीगेट को उनका सामान सौंप दिया। उस समय उनकी फ्लाइट रवाना होने में करीब आधा घंटा ही बचा था। नई दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा के मुताबिक, दक्षिण अफ्रीकी डेलीगेट डुमिसा मारिस सोबेक्वे ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने दिल्ली आए थे।

होटल स्टाफ को दी जानकारी

रविवार को वह गुरुग्राम स्थित एंबियंस माॅल गए थे। वहां से कैब लेकर वह ललित होटल लौटे। होटल पहुंचकर सामान की जांच करने पर उन्हें एक छोटा बैग नहीं मिला। इसमें भारतीय रुपये और अमेरिकी डाॅलर समेत अन्य सामान था। डेलीगेट ने तत्काल होटल स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों को जानकारी दी।

एजेंसियों ने ड्राइवर को खोज निकाला

होटल की ओर से शाम करीब 7:10 बजे बाराखंभा रोड थाना पुलिस को सूचना दी गई। फ्लाइट का समय नजदीक होने के कारण थाना एसएचओ सुबे सिंह ने तत्काल टीम को सक्रिय किया। करीब 7:15 बजे पुलिसकर्मी होटल पहुंच गए। टीम ने डेलीगेट से कैब का विवरण, यात्रा का रूट और अन्य जरूरी जानकारी जुटाई। संबंधित एजेंसियों से समन्वय कर कैब की पहचान की गई और उसके ड्राइवर का पता लगाया गया।

35 मिनट में बैग किया बरामद

पुलिस ने कैब को ट्रेस कर उसकी तलाशी ली तो बैग सीट के नीचे रखा मिला। पूछताछ के दौरान चालक ने पहले मामले से अनभिज्ञता जताई, लेकिन पुलिस की जांच में बैग बरामद हो गया। करीब 7:45 बजे बैग मिलने के बाद उसमें रखी नकदी और सामान का डेलीगेट से मिली जानकारी के आधार पर सत्यापन किया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस बैग लेकर होटल पहुंची और करीब 8:15 बजे उसे डेलीगेट को सौंप दिया। समय रहते बैग मिलने पर डेलीगेट अपनी फ्लाइट के लिए एयरपोर्ट रवाना हो सके।