विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'चलो संसद मार्च' में पैलेट गन चलाने के आरोप को दिल्ली पुलिस ने नकारा, जारी किया फेक न्यूज अलर्ट

Published: Tue, 21 Jul 2026 07:37 PM (IST)

दिल्ली पुलिस ने 'चलो संसद' मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन चलाने के कॉकरोच जनता पार्टी के आरोप को ...और पढ़ें

संसद मार्ग पर मार्च करते पुलिसकर्मी। हरीश कुमार

संसद मार्ग पर मार्च करते पुलिसकर्मी। हरीश कुमार

HighLights

  1. दिल्ली पुलिस ने पैलेट गन चलाने के आरोप को नकारा।

  2. कॉकरोच जनता पार्टी के आरोप को बताया 'भ्रामक' और 'गलत'।

  3. पुलिस ने सोशल मीडिया पर 'फेक न्यूज अलर्ट' जारी किया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के मुख्य प्रवक्ता के उस आरोप को पूरी तरह खारिज कर दिया जिसमें दावा किया गया था कि सुरक्षा बलों ने 'चलो संसद' मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन चलाई। पुलिस ने इसे 'पूरी तरह गलत और भ्रामक' बताया।

सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया था कि पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन से फायरिंग की। पोस्ट में एक अस्पताल में घायल व्यक्ति का वीडियो भी था, जिसमें दावा किया गया कि उसे प्रदर्शन के दौरान पैलेट लगने से चोटें आई हैं। इस आरोप का जवाब देते हुए दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर 'फेक न्यूज अलर्ट' जारी किया।

पुलिस ने कहा, 'पुलिस बलों द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन का इस्तेमाल किए जाने की खबरें पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं।' पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे बिना सत्यापित सामग्री को शेयर या प्रसारित न करें। साथ ही सलाह दी कि सोशल मीडिया पर कोई भी जानकारी पोस्ट या फॉरवर्ड करने से पहले केवल आधिकारिक स्रोतों से ही तथ्यों की पुष्टि करें।

पुलिस ने चेतावनी देते हुए कहा, 'अफवाहें फैलाने या गलत जानकारी प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।' बता दें कि सोमवार को 'चलो संसद' प्रदर्शन के दौरान राजधानी में हुई झड़प में कम से कम 60 प्रदर्शनकारी और 118 पुलिसकर्मी घायल हुए थे।