रोहिणी पुलिस ने 60 लाख की नकली गोल्ड फ्लैक सिगरेट के साथ तीन तस्करों को दबोचा
रोहिणी जिला पुलिस ने नकली गोल्ड फ्लैक सिगरेट की सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार ...और पढ़ें

नकली गोल्ड फ्लैक गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
HighLights
रोहिणी पुलिस ने नकली सिगरेट सप्लाई गिरोह का पर्दाफाश किया।
तीन आरोपित गिरफ्तार, 4.71 लाख नकली सिगरेट बरामद की गईं।
बरामद सिगरेट की अनुमानित बाजार कीमत 60 लाख रुपये है।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। रोहिणी जिला पुलिस की नारकोटिक्स स्टाफ टीम ने नकली सिगरेट की सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 24 कार्टन में रखी 4.71 लाख नकली गोल्ड फ्लैक सिगरेट बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, बरामद सिगरेट की अनुमानित बाजार कीमत करीब 60 लाख रुपये है। पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को नारकोटिक्स स्टाफ को प्रशांत विहार थाना क्षेत्र में नकली सिगरेट की सप्लाई की सूचना मिली थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए बाबरपुर के रहने वाले अकरम (32) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 1.20 लाख नकली सिगरेट बरामद कीं।
इस संबंध में थाना प्रशांत विहार में एफआईआर दर्ज की गई। जांच के दौरान आरोपित से पूछताछ और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों की पहचान की।
इसके बाद 28 सितंबर को एक आरोपित से 1,59,500 और 29 सितंबर को तीसरे आरोपित से 1,92,000 नकली सिगरेट बरामद की गईं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजरानी (70), निवासी दयालपुर और किशन मुरारी (28), निवासी नोएडा के रूप में हुई है।
नकली सिगरेट की पैकिंग असली की तरह की थी
पुलिस के मुताबिक, नकली सिगरेट की पैकिंग असली उत्पाद जैसी तैयार की गई थी, जिससे ग्राहकों के लिए दोनों में अंतर कर पाना मुश्किल हो सकता था। पुलिस ने बताया कि यह छापेमारी प्रशांत विहार, दयालपुर व नोएडा में अलग-अलग जगह की गई। कंपनी के प्रतिनिधि ने इस बारे में पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी और कापीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले में इंस्पेक्टर राकेश कुमार व उनकी टीम अब नकली सिगरेट के निर्माण और सप्लाई के स्रोत का पता लगाने, नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और खरीद, निर्माण, पैकेजिंग और वितरण की पूरी चेन का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है। साथ ही जांच के दौरान इकट्ठा किए गए सबूतों के आधार पर कानून के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - शशांक जायसवाल, पुलिस उपायुक्त
यह भी पढ़ें- विहिप नेता विकास प्रभाकर हत्याकांड में आरोपित दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर, हथियार पहुंचाने और फंडिंग का आरोप
