आईफोन, राडो की घड़ी और महंगे परफ्यूम का शौकीन निकला 12वीं पास चोर; दिल्ली पुलिस ने मुंबई से दबोचा
उत्तराखंड के मनोज सिंह को आलीशान जीवनशैली के लिए घरों में चोरी करने के आरोप में मुंबई से गिरफ्तार किया ...और पढ़ें
--1792589222828_m.webp)
दिल्ली पुलिस ने मुंबई से पकड़ा चोर। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। समय से पहले और आसानी से पैसे कमाने, आलीशान जिंदगी जीने और महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी करने वाले एक शातिर चोर को रंजीत नगर थाना पुलिस की टीम ने मुंबई से गिरफ्तार किया है।
इसकी पहचान उत्तराखंड, चंपावत के मनोज सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 20 अक्टूबर को मुंबई से गिरफ्तार किया। उसके पास से 1.90 लाख रुपये नकद, एक आफोन 18 प्रो, एक राडो घड़ी, दो महंगे पर्फ्यूम और अन्य प्रीमियम सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी इसी तरह के चोरी के 20 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल उसे दो दिन के लिए रिमांड पर लिया गया है।
शादीपुर में घर से लाखों की चोरी
मध्य जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 14 अक्टूबर को शादीपुर इलाके में राकेश हलवाई के पास घर में चोरी की शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वारदात दोपहर करीब 12 बजे हुई, जब घर पर कोई मौजूद नहीं था।
इसी दौरान आरोपी चुपके से घर में घुसा और सोने-चांदी के गहने, करीब तीन लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गया। परिवार के सदस्य जब घर लौटे तो उन्हें चोरी का पता चला।
फिर जांच, निगरानी और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारियों के आधार पर आरोपी का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए। तकनीकी सर्विलांस के आधार पर आरोपी की लोकेशन मुंबई में मिली। इसके बाद टीम ने 20 अक्टूबर को उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया।
महंगे शौक पूरे करने के लिए करता था चोरी
पूछताछ में उसने बताया कि वह कम से कम समय में ज्यादा से ज्यादा पैसा कमाने के लिए चोरी करता था। उसका मकसद आलीशान जीवनशैली जीना और अपनी महंगी निजी पसंद व शौक पूरे करना था।
आरोपी 12वीं पास है और उसके खिलाफ इसी तरह के घर में चोरी के 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: तीनों आरोपी 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में; दिल्ली और हरियाणा से 10 और लोग गिरफ्तार
