दिल्ली में ईरानी ठग गिरफ्तार: 100 से ज्यादा होटलों को बनाया निशाना, हाथ की सफाई से नकली नोटों को असली से बदलता
नई दिल्ली जिला पुलिस ने हाथ की सफाई दिखाकर देश के 100 से अधिक बड़े होटलों से रकम उड़ाने के आरोप में ईरानी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपित अली गोल नरी पुराने नोट रखने के शौक का हवाला देकर होटल कर्मचारियों को झांसे में लेता था।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। नई दिल्ली जिला पुलिस ने हाथ की सफाई दिखाकर देश के 100 से अधिक बड़े होटलों से रकम उड़ाने के आरोप में ईरानी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपित अली गोल नरी पुराने नोट रखने के शौक का हवाला देकर होटल कर्मचारियों को झांसे में लेता था।
पुराने के बदले वह नए नोट देने की बात कहता था और हाथ की सफाई दिखाकर रकम उड़ा लेता था। आरोपित दिल्ली, कोलकाता, नोएडा व गुरुग्राम समेत देशभर के कई बड़े होटलों में वारदात को अंजाम दे चुका है। वह उसी होटल में जाता था जहां काफी नकदी होती थी।
नई दिल्ली के जिस होटल में आरोपित फरवरी में वारदात को अंजाम देकर फरार हुआ था, उसी होटल में वारदात करने फिर वह आया था, लेकिन इस बार उसकी चालाकि काम नहीं आई। पुलिस उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।
नई दिल्ली जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपित अली गोल नरी फरवरी में ली-मेरेडियन होटल में पहुंचा था। यहां पर वह कैश काउंटर मैनेजर से मिला। उसने मैनेजर से कहा कि उसे पुराने नोट रखने का शौक है। वह पुराने के बदले में नए नोट दे देगा।
होटल मैनेजर ने नोटों की गड्डी निकालते ही उसने नीचे गिरा दिया। इसके बाद आरोपित ने नीचे से नोट उठाकर अपने हाथ की बाजू में चालाकी से छिपा लिए। इस तरह उसने 38 हजार नोट चुरा लिए। आरोपित ने इतनी सफाई से नोट चुराए कि मैनेजर को कुछ पता नहीं लगा।
इसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। बाद में जब मैनेजर ने जब नकदी गिने तो वह कम मिले। होटल प्रशासन ने सीसीटीवी कैमरों फुटेज में देखा कि आरोपित पैसे अपने हाथों की शर्ट की बाजू में छिपा रहा है। होटल प्रशासन ने इसकी शिकायत पुलिस में नहीं की लेकिन फुटेज को सुरक्षित रख लिया था।
बृहस्पतिवार को वह फिर से ली-मेरेडियन होटल पहुंचा। इस बार आरोपित की हाथ की सफाई काम नहीं आई। वह होटल के उसी कैश काउंटर पर पहुंचा, जहां फरवरी महीने में गया था। संयोग से काउंटर पर पहले वाला मैनेजर ही था। मैनेजर ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
पर्यटन और मेडिकल वीजा पर आता था भारत
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपित हर छह महीने में ईरान से भारत आता था। वह पर्यटन और मेडिकल वीजा पर भारत आता था, और अधितर कोलकाता में रुकता।