पेट्रोल पंप संचालकों की हड़ताल टलने से दिल्ली वालों को मिली राहत
दिल्ली में प्रस्तावित पेट्रोल पंप संचालकों हड़ताल टल गई है, जिससे दिल्ली के साथ एनसीआर की जनता को भी भारी राहत मिली है।
नई दिल्ली। दिल्ली में प्रस्तावित पेट्रोल पंप संचालकों हड़ताल टल गई है, जिससे दिल्ली के साथ एनसीआर की जनता को भी भारी राहत मिली है। दिल्ली पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग नरायण ने कहा कि दिल्ली में ऑड-इवन लागू होने के चलते हड़ताल नहीं करने का फैसला लिया गया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार अगर हमारी मांंग मानते हुए वैट में कमी नहीं करती है, तो मई की शुरुआत में हड़ताल की जाएगी।
गौरतलब है कि हरियाणा में जहां डीजल की दर 48.40 पैसे है, वही दिल्ली में यह 49.31 पैसे है। राष्ट्रीय राजधानी के पेट्रोल पंप संचालकों के मुताबिक, कीमत में अंतर के कारण दिल्ली के लोग भी हरियाणा से डीजल खरीद रहे हैं। इस कारण उनके यहां डीजल की मांग में कमी आई है।
दिल्ली पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष निशीथ गोयल के मुताबिक, दिल्ली में पेट्रो पदार्थों पर वैट दर 18 फीसद है। पेट्रोल पंप संचालक इसे घटाने की मांग कर रहे हैं। वैसे, भी ऑड-इवन फार्मूले के कारण दिल्ली में पेट्रोल-डीजल की मांग में 15 से 20 फीसद की गिरावट दर्ज की जाती है। हालांकि, पेट्रोल पंप मालिकों ने ऑड-इवन का समर्थन किया है।