विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में पार्किंग की समस्या होगी दूर, 79 नए पार्किंग स्थल बनाने की तैयारी; शुल्क भी होंगे एक समान

Published: Fri, 09 Oct 2026 08:29 AM (GMT+05:30)

राजधानी दिल्ली में पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए मौजूदा स्थलों के बेहतर उपयोग और 79 नए पार्किंग स्थल विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।

स्मार्ट पार्किंग, बहुमंजिला एवं स्टैक पार्किंग के साथ मेट्रो के पार्क एंड राइड केंद्रों का भी विस्तार किया जाएगा।

स्मार्ट पार्किंग, बहुमंजिला एवं स्टैक पार्किंग के साथ मेट्रो के पार्क एंड राइड केंद्रों का भी विस्तार किया जाएगा।

HighLights

  1. मौजूदा पार्किंग का बेहतर उपयोग, 79 नए स्थल प्रस्तावित।

  2. सभी एजेंसियों के पार्किंग शुल्क एक समान करने का निर्देश।

  3. अवैध पार्किंग के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया जाएगा।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में पार्किंग की समस्या और सड़कों पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए अब मौजूदा पार्किंग स्थलों के बेहतर इस्तेमाल के साथ नई पार्किंग सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। स्मार्ट पार्किंग, बहुमंजिला एवं स्टैक पार्किंग के साथ मेट्रो के पार्क एंड राइड केंद्रों का भी विस्तार किया जाएगा।

पार्किंग स्थलों का अधिकतम उपयोग

एलजी टीएस संधू ने बृहस्पतिवार को संबंधित एजेंसियों की उच्च स्तरीय बैठक में एमसीडी, एनडीएमसी, डीडीए और ट्रैफिक पुलिस को अवैध पार्किंग के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एजेंसियों के पार्किंग शुल्क को एक समान करने पर भी जोर दिया।

बैठक में सामने आया कि कई मौजूदा पार्किंग स्थल पूरी क्षमता से इस्तेमाल नहीं हो रहे हैं। एलजी ने एमसीडी, एनडीएमसी और डीडीए को सभी मौजूदा पार्किंग स्थलों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

ईवी चार्जिंग सुविधा विकसित करने की संभावना

पार्किंग व्यवस्था में फास्टैग, रियल टाइम स्लाट ट्रैकिंग, सेंसर आधारित टिकटिंग और एप के जरिये खाली जगह की जानकारी देने की व्यवस्था पर भी विचार किया गया। सभी पार्किंग स्थलों पर ईवी चार्जिंग सुविधा विकसित करने की संभावना भी तलाशी जाएगी। एलजी ने दिल्ली के लिए एक एकीकृत पार्किंग प्राधिकरण बनाने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिए।

दो महीने चलेगा संयुक्त अभियान

एमसीडी ने 15 अक्टूबर से 15 दिसंबर तक पार्किंग हाटस्पाट और प्रमुख बाजार क्षेत्रों में विशेष प्रवर्तन अभियान की योजना पेश की है। इसे ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर चलाया जाएगा।

मल्टीलेवल पार्किंग के बाहर अवैध पार्किंग रोकने के लिए संयुक्त टीमें बनाई जाएंगी। आरडब्ल्यूए और बाजार संगठनों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार इस वर्ष पांच अक्टूबर तक अवैध पार्किंग के मामले में 13.34 लाख चालान और 5.54 लाख नोटिस जारी किए गए। इस दौरान 1.24 लाख वाहन टो किए गए जबकि 76 क्रेन तैनात रहीं।

463 पार्किंग स्थल, 79 नए प्रस्तावित

एमसीडी के पास फिलहाल 463 पार्किंग स्थल हैं। इनमें 433 सतही और 30 मल्टीलेवल या स्टैक पार्किंग हैं, जिनकी कुल क्षमता 94,831 कारों के बराबर है। दिसंबर तक 79 नए स्थल जोड़ने की योजना है, जिससे संख्या 542 हो जाएगी।

इसके अलावा 6,052 कारों की क्षमता वाली 14 मल्टीलेवल और स्टैक पार्किंग परियोजनाएं विचाराधीन हैं। एनडीएमसी के पास 126 पार्किंग स्थल हैं और इन्हें जल्द इंटेलिजेंट इंटीग्रेटेड पार्किंग सिस्टम से जोड़ने की तैयारी है।

242 में से 127 मेट्रो स्टेशनों पर पार्क एंड राइड

डीएमआरसी को मेट्रो स्टेशनों पर पार्क एंड राइड सुविधा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल दिल्ली और एनसीआर के 242 में से 127 मेट्रो स्टेशनों पर यह सुविधा है। इनकी कुल क्षमता 1,34,985 वाहनों की है। इनमें 14,426 कार, 1,09,250 दोपहिया और 11,309 साइकिल शामिल हैं। 65 स्थल स्मार्ट पार्किंग हैं और 52 डीएमआरसी एप से जुड़े हैं।

एक समान शुल्क और डिजिटल निगरानी

एलजी ने एमसीडी, एनडीएमसी, डीडीए और डीएमआरसी में पार्किंग शुल्क एक समान करने पर जोर दिया। फिलहाल एमसीडी में कार के लिए आधार दर 20 रुपये प्रति घंटा, एनडीएमसी में आन-स्ट्रीट पार्किंग 50 रुपये प्रति घंटा और डीएमआरसी में छह घंटे तक 30 रुपये शुल्क है।