कैबिनेट सचिव से मिले दिल्ली के अधिकारी
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : मुख्य सचिव अंशु प्रकाश से बदसुलूकी को लेकर दिल्ली के अधिकारी हर
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
मुख्य सचिव अंशु प्रकाश से बदसुलूकी को लेकर दिल्ली के अधिकारी हर मंच पर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को दिल्ली सरकार के कर्मचारियों और अधिकारियों के संयुक्त मंच ने कैबिनेट सचिव पीके सिन्हा से मुलाकात की।
विभिन्न विभागों के कर्मचारियों व अधिकारियों ने दिल्ली सरकार में कामकाज करने की जमीनी हकीकत से कैबिनेट सचिव को अवगत कराया।
मुलाकात के बाद अधिकारियों ने बताया कि कैबिनेट सचिव ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की बातों को ध्यान से सुना और यह भी स्वीकार किया कि हम कठिन माहौल में कार्य कर रहे हैं। पीके सिन्हा ने सभी को पूर्ण प्रशासनिक और नैतिक समर्थन देने का भरोसा दिया। हालाकि, उन्होंने यह भी कहा कि इससे दिल्ली के नागरिकों को कोई भी असुविधा नहीं होनी चाहिए और सेवाओं पर इसका कोई असर नहीं पड़ना चाहिए। जिस पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूर्ण समर्पण के साथ काम करते रहने का वादा किया। अधिकारियों ने यह भी कहा कि जब तक राजनीतिक कार्यकारी उन्हें सुरक्षा का ठोस आश्वासन नहीं दे देते तब तक वह अपना विरोध जारी रखेंगे। बैठक में दानिक्स, डास, योजना एवं साख्यिकी कैडर, दिल्ली जल बोर्ड, पशु चिकित्सक, आइएफसीडी और एमसीडी के इंजीनियर, पटवारी और सरकारी स्कूल शिक्षक संघ और कर्मचारी संघ मौजूद थे।