दिल्ली में बारिश से 10 फीट धंसी सड़क, टला बड़ा हादसा
दिल्ली में बारिश से प्रेस एन्क्लेव रोड पर हौज रानी रेड लाइट के पास सड़क का एक हिस्सा धंस गया है। सड़क धंस जाने से डीटीसी की बस रोड़ के बीच में फंस गई है। हालांकि अभी इस घटना में हताहत की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली में गुरुवार को रात भर हुई बारिश से राष्ट्रीय राजधानी में जलभराव की खबरें सामने आईं थी। इसी क्रम में रात भर हुई बारिश के चलते सुबह करीब चार बजे प्रेस एन्क्लेव मार्ग पर स्थित हौजरानी रेडलाइट के पास सड़क का एक हिस्सा करीब 10 फीट नीचे धंस गया।
इससे यहां से गुजर रही डीटीसी बस इसमें फंस गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई घायल नही हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जिस जगह सड़क धंसी है वहां कुछ दिन पूर्व जल बोर्ड द्वारा पाइप डालने का काम किया गया था। ठेकेदार ने काम पूरा करने के बाद यहां मिट्टी भरकर छोड़ दी। बृहस्पतिवार को अधिक वर्षा होने की वजह से मिट्टी नीचे धंस गई। इस कारण यह हादसा हुआ।
सड़क धंसने से लगा लंबा जाम
शेख सराय से होकर गुजरने वाला प्रेस एन्क्लेव मार्ग महरौली बदरपुर रोड पर जाकर मिलता है। सुबह के समय यहां अक्सर यातायात काफी व्यस्त रहता है। वहीं बृहस्पतिवार को सड़क धंसने से साकेत कोर्ट से पीटीएस और मालवीय नगर जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। इसकी सूचना ट्रैफिक पुलिस ने सुबह करीब नौ बजे अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर दी। दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्वीट कर इस मार्ग से यात्रा करने वालों को बचने की सलाह दी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक मीडिया हैंडल ने ट्विटर पर जानकारी दी, "ट्रैफिक अलर्ट, प्रेस एन्क्लेव रोड पर हौज रानी रेड लाइट के पास एक सड़क धंस गई है, जिसके कारण साकेत कोर्ट से पीटीएस, मालवीय नगर की ओर यातायात प्रभावित हो सकता है। कृपया मार्ग पर यात्रा करने से बचें"।
Delhi | A portion of a road caved in near Hauz Rani Red Light on Press Enclave Road. Traffic might be affected from Saket Court towards PTS, Malviya Nagar: Delhi Traffic Police
(Photo: Delhi Traffic Police) pic.twitter.com/YH7iMF3Iv2— ANI (@ANI) March 31, 2023
हो सकता था बड़ा हादसा
मौके पर पहुंचे लोक निर्माण विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सड़क करीब 10 फीट नीचे धंसी हुई थी। इससे कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने कहा कि जल बोर्ड का काम करवाने वाले ठेकेदार की लापरवाही से आज सुबह कोई बड़ी घटना हो सकती थी। गनीमत इस बात की रही कि सुबह-सुबह बस में अधिक यात्री सवार नहीं थे। अधिकारी ने बताया कि उन्होंने सड़क को ठीक कराने के लिए 12 से अधिक मजदूर काम पर लगाए है। फिलहाल इसे ईंट व गिट्टियों से बराबर कर दिया जाएगा क्योंकि इस मार्ग पर आगे भी जल बोर्ड का काम किया गया है। इस कारण सड़क पर सीमेंट से समतल करने का आदेश नहीं दिया गया है।