विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में कर्ज चुकाने के लिए भांजे ने की मौसी की निर्मम हत्या, दोस्त भी गिरफ्तार

Published: Thu, 19 Feb 2026 07:58 PM (IST)

पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर में एक अधेड़ महिला की हत्या का मामला सुलझ गया है। पुलिस ने महिला के ...और पढ़ें

ज्योति नगर थाना पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपित : सौजन्य पुलिस

ज्योति नगर थाना पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपित : सौजन्य पुलिस


HighLights

  1. भांजे उमेश ने कर्ज चुकाने को मौसी की हत्या की।

  2. लूटपाट के दौरान चाकू मारकर की गई थी हत्या।

  3. पुलिस ने भांजे उमेश और दोस्त विपिन को दबोचा।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। ज्योति नगर इलाके में घर में घुसकर लूट के लिए की गई अधेड़ महिला की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने महिला के भांजे व इसके दोस्त को गिरफ्तार किया है। पांच लाख रुपये का कर्ज चुकाने के लिए रुपये न होने पर युवक ने अपनी मौसी की हत्या की थी। आरोपित की पहचान महिला के भांजे उमेश व इसके दाेस्त विपिन के रूप में हुई है। इनके पास से लूटे गए सोने के गहने, वारदात में इस्तेमाल बाइक और चाकू बरामद किया है। दोनों इवेंट मैनेजमेंट में थे।

विमला देवी परिवार के साथ अमर कालोनी में रहती थी। परिवार में पति महावीर व दो शादीशुदा बेटे हैं। दोनों बेटे अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं। कुछ दिनों पहले महावीर उत्तर प्रदेश के कासगंज में किसी काम से गए हुए थे। उनकी पत्नी घर पर अकेली थी। पुलिस ने बताया कि 15 फरवरी की दोपहर को पड़ोसियों ने सूचना दी कि एक घर के अंदर से दुर्गंध आ रही है। पुलिस मौके पर पहुंची। घर के बाहर का दरवाजा खुला हुआ था।

महिला के दोनों हाथ, गला व शरीर के कई हिस्सों पर चाकू के निशान थे। शव बेड पर पड़ा हुआ था। घर में महिला के अलावा कोई दूसरा व्यक्ति नहीं था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। थानाध्यक्ष वेद प्रकाश के नेतृत्व में एएसआइ नरेश मंगल, हेड कांस्टेबल अनुज, राहुल की टीम बनाई। 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल कर आरोपितों की पहचान की। टेक्निकल सर्विलांस के जरिये दोनों आरोपितों को नंद नगरी स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।

फाइनेंसर से लिया हुआ था लोन, कारोबार में हो रहा था घाटा

आरोपित उमेश ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त के साथ इवेंट मैनेजमेंट का काम करता है। उसने एक फाइनेंसर से पांच लाख रुपये का लोन लिया हुआ था। उसे कारोबार में घाटा हो रहा था। वह लोन चुका नहीं पा रहा था। घर वाले भी कोई मदद नहीं कर रहे थे। तब उसने अपने दोस्त के साथ मौसी से लूट की योजना बनाई।

उसे पता था किस दिन उसके मौसा उत्तर प्रदेश जाएंगे। जब वह वारदात करने दोस्त के साथ गया तो पता नहीं था कि रकम व गहने घर में कहा रखे हैं। मौसी ने अंगूूठी व कान की बालियां पहनी हुई थी। वह मौसी से लूटपाट करने लगा। विरोध करने पर चाकू से वार करके हत्या कर दी।

यह भी पढ़ें: द्वारका हादसा: 'नाबालिग आरोपी को पछतावा नहीं', JJB ने अंतरिम जमानत सुनवाई के दौरान की टिप्पणी