'मेट्रो मंडे' पहल के कारण सोमवार को मेट्रो यात्रियों की बढ़ी संख्या, 78 हजार अधिक लोगों ने किया सफर
दिल्ली सरकार की 'मेट्रो मंडे' पहल के तहत सोमवार को मेट्रो यात्रियों की संख्या में 78 हजार की वृद्धि हुई, ...और पढ़ें
-1779237968203_m.webp)
सोमवार को मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में कुछ वृद्धि हुई।
HighLights
मेट्रो मंडे से 78 हजार यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी।
पहल को सफल बनाने लास्ट माइल कनेक्टिविटी सुधारें।
मंत्रियों, अधिकारियों को भी सार्वजनिक परिवहन उपयोग करना चाहिए।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार की पहल मेट्रो मंडे के अंतर्गत सोमवार को मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में कुछ वृद्धि हुई, लेकिन यह उम्मीद से कम है। पिछले सोमवार यानी 11 मई को लगभग 66.27 लाख यात्रियों ने मेट्रो से यात्रा की थी यह मेट्रो मंडे के दिन बढ़कर लगभग 67.05 लाख हो गई।
इस तरह से लगभग 78 हजार अधिक यात्रियों ने मेट्रो का उपयोग किया। इस पहल को और सफल बनाने के लिए सरकारी स्तर पर और प्रयास करने और लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। साथ ही लास्ट माइल कनेक्टिविटी में सुधार करनी होगी।
दिल्ली सरकार ने ईंधन बचने के लिए मेट्रो मंडे की शुरुआत की
वर्तमान वैश्विक स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की बचत करने की अपील की है। दिल्ली सरकार ने ईंधन बचने के लिए मेट्रो मंडे की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री ने मेट्रो मंडे यानी सोमवार को आम नागरिकों के साथ ही सभी मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों से अधिक से अधिक मेट्रो व अन्य सार्वजनिक परिवहन के उपयोग करने की अपील की है।
इस सोमवार को उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित अन्य मंत्रियों, विधायकों ने मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन से यात्रा की। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सरकार के इस पहल को सफल बनाने के लिए मेट्रो ट्रेन के 24 फेरे बढ़ा दिए थे। अगले सोमवार को भी 24 फेरे बढ़ाने की घोषणा की है। आवश्यकता अनुसार अन्य दिनों में भी अतिरिक्त मेट्रो ट्रेन चलाने की बात कही गई है।
मेट्रो मंडे के दिन यात्रियों की संख्या बहुत अधिक नहीं बढ़ी
मेट्रो में आम दिनों में औसतन 65 से 66 लाख यात्री यात्रा करते हैं। त्योहार के दिनों में यह संख्या 70 लाख से अधिक पहुंच जाती है। इस हिसाब से मेट्रो मंडे के दिन यात्रियों की संख्या बहुत अधिक नहीं बढ़ी। यही कारण है कि सड़कों पर अन्य दिनों की तरह जाम की स्थिति रही। अधिक लोग मेट्रों का उपयोग करें इसके लिए स्टेशनों के पास पार्किंग व्यवस्था के साथ ही लास्ट माइल कनेक्टिविटी को बेहतर करना होगा।
कई लोग पार्किंग की समस्या और मेट्रो स्टेशन तक आने-जाने के लिए उचित साधन नहीं मिलने से निजी वाहन लेकर यात्रा करते हैं। इसी तरह से व्यस्त मेट्रो स्टेशनों पर लगने वाली लंबी लाइन से भी कई लोग परहेज कर रहे हैं। इन समस्याओं के समाधान के साथ ही मंत्रियों व अधिकारियों को सिर्फ सोमवार की जगह अन्य दिनों में भी सार्वजनिक परिवहन से यात्रा कर अन्य लोगों को इसके प्रति विश्वास पैदा करना चाहिए। उनके इस कदम से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में भी सुधार होगी। साथ ही आरडब्ल्यूए के सहयोग से लोगों को इसके लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।
