MCD सदन में विकास निधि और प्रदूषण पर AAP का हंगामा, पार्षदों के बीच हाथापाई की नौबत; महापौर को सुरक्षित निकाला
दिल्ली नगर निगम सदन में विकास निधि और प्रदूषण के मुद्दे पर आप पार्षदों ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद ...और पढ़ें
HighLights
आप पार्षदों ने विकास निधि बढ़ाने की मांग पर हंगामा किया।
प्रदूषण पर बहस के दौरान पार्षदों में तीखी झड़प, हाथापाई हुई।
महापौर को हंगामे के बीच सदन से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) सदन की बैठक में गुरुवार को पार्षदों की विकास निधि जारी करने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षदों ने हंगामा किया। सदन में अनुचित व्यवहार करने के लिए अनुशासन समिति को जांच करने के लिए कहा गया है। अब समिति की जांच रिपोर्ट के बाद निलंबन की कार्रवाई भी की जा सकती है।
पार्षद क्यों मांगने लगे एक करोड़?
विपक्ष की मांग पर महापौर प्रवेश वाही ने 25 लाख रुपये की विकास निधि जारी करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में पार्षदों को कुल दो करोड़ रुपये का फंड जारी किया जाएगा। हालांकि, आप पार्षद इससे संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने इसे बढ़ाकर एक करोड़ रुपये करने की मांग की।
प्रदूषण नियंत्रण पर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए
हंगामे के बीच आप पार्षद महापौर के आसन के पास पहुंच गए। इसके बाद सदन की बैठक पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। बैठक दोबारा शुरू होने पर वायु प्रदूषण के मुद्दे पर चर्चा शुरू हुई। इस दौरान विपक्ष ने प्रदूषण नियंत्रण को लेकर निगम और सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

महापौर की सीट तक पहुंचीं आप पार्षद
प्रदूषण पर चर्चा के दौरान सदन में भाजपा और आप के पार्षद आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और हाथापाई की नौबत आ गई। इस दौरान आप पार्षद शगुफ्ता जुबैर महापौर की सीट तक पहुंच गईं।
आरोप है कि उन्होंने वहां लगे माइक को तोड़ने की कोशिश की। सदन में पानी और फाइलें भी फेंकी गईं। नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग पर भी माइक तोड़ने का आरोप है। हंगामे के बीच मार्शल महापौर प्रवेश वाही को सुरक्षित बाहर ले गए।

कांग्रेस नेता की टिप्पणी से बढ़ा विवाद
सदन में विवाद की एक वजह कांग्रेस दल की नेता नाजिया दानिश और नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग के बीच हुई तीखी बहस भी रही। नाजिया दानिश आप को निशाने पर लेकर अपनी बात रख रही थीं।
इस पर अंकुश नारंग ने उन्हें भाजपा के करीब होने की बात कही। जवाब में नाजिया दानिश ने कहा कि वह शगुफ्ता चौधरी नहीं हैं, जो भाजपा में शामिल हो जाएंगी। इस टिप्पणी के बाद सदन में तनाव और बढ़ गया।

अंकुश नारंग पर पार्षदों पर गर्म चाय फेंकने का आरोप
एमसीडी की बैठक में हंगामे को लेकर सदन की कार्यवाही को स्थगित करने के बाद महापौर प्रवेश वाही व अन्य ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान मेयर ने कहा कि आज हम कई घोषणाएं करने वाले थे। इससे डरकर आप ने हंगामा कर सदन की कार्यवाही को स्थगित करवा दिया।
इस बीच यह भी जानकारी मिली है कि विपक्ष के नेता अंकुश नारंग दिल्ली से बाहर रहते हैं, जब यह बात उठ रही थी तभी अंकुश नारंग ने हंगामा किया। उन्होंने गर्म चाय पार्षदों के ऊपर फेंक दी। फिलहाल, अनुशासन समिति को पूरा मामला भेज दिया गया है। वह ही इस पर निर्णय करेगी। अगर समिति निलंबन का प्रस्ताव करेगी तो हम वह भी करेंगे।
