दिल्ली नगर निगम का दफ्तर बना अखाड़ा! कांग्रेस पार्षद हाजी जरीफ पर कुर्सी से हमला, वकीलों ने की धक्का-मुक्की
दिल्ली नगर निगम के उत्तर पूर्वी जोन चेयरमैन के कार्यालय में बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। कबीर नगर के कांग्रेस ...और पढ़ें

कांग्रेस पार्षद हाजी जरीफ पर हमले की कोशिश।
HighLights
दिल्ली MCD चेयरमैन के ऑफिस में बुधवार को हंगामा।
कांग्रेस पार्षद हाजी जरीफ पर कुर्सी से हमला प्रयास।
वकीलों ने की धक्का-मुक्की, चेयरमैन ऑफिस से निकले।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के उत्तर पूर्वी जिले के जोन चेयरमैन का कार्यालय बुधवार को अखाड़े में बदल गया। कबीर नगर वार्ड से कांग्रेस पार्षद हाजी जरीफ और फैक्ट्री संचालकों व उनके साथ आए वकीलों के बीच जमकर मारपीट हुई। गाली गलौज होने के साथ ही एक दूसरे पर कुर्सियों से हमला किया।
जोन चेयरमैन के कार्यालय में भारी तोड़फोड़ की गई। जोन चेयरमैन व वेलकम थानाध्यक्ष के सामने झगड़ा और तोड़फोड़ हुई। चेयरमैन पंकज लूथरा ने बीच बचाव का प्रयास किया लेकिन मामला बढ़ता देख वह वहां से निकल गए। इस वारदात के कई वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गए।
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) ने कबीर नगर वार्ड के शेरा का बाग क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाली कुछ फैक्ट्री संचालकों को सीलिंग के नोटिस दिए हैं। फैक्ट्री संचालकों का आरोप है कि ये नोटिस स्थानीय कांग्रेस पार्षद हाजी जरीफ ने जारी करवाएं हैं। मंगलवार को आप कार्यकर्ताओं ने पार्षद के खिलाफ प्रदर्शन किया था।
जान बचाने के लिए वह चेयरमैन के कार्यालय में चले गए
बुधवार सुबह पार्षद ने प्रेस कांफ्रेस कर कहा था कि उनकी शिकायत पर नोटिस जारी नहीं हुए हैं। आरोप है फैक्ट्री संचालक कुछ वकीलों के साथ तीन बजे वेलकम स्थित जोन कार्यालय गए थे। उसी बीच नव नियुक्त निगम उपायुक्त से मिलने के लिए पार्षद हाजी जरीफ पहुंच गए। पार्षद का आरोप है कि उन लोगों ने उन्हें घेर लिया, जान बचाने के लिए वह चेयरमैन के कार्यालय में चले गए। वहां उनपर कुर्सियों से हमला हुआ।
चेयरमैन के कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ हुई। कुछ वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित हो रही है, जिसमें पार्षद भी कुर्सी फेंकते हुए दिख रहे हैं। कुछ लोग वीडियो में यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं वकीलों को हाथ कैसे लगाया। वहीं जिन फैक्ट्रियों को लेकर यह हंगामा हुआ है, वह सील नहीं हुई हैं।
पार्षद बोले, आप ने करवाया हमला
हमला करने वाले आप कार्यकर्ता थे। शेरा का बाग क्षेत्र में आप कार्यकर्ता प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियां चला रहे हैं। स्थानीय आप विधायक के भाई के इशारे पर मेरे पर हमला हुआ है। प्रदूषण फैलाने पर डीपीसीसी ने फैक्ट्रियों को सील करने का नोटिस दिया है। निगम के अधीन नहीं है डीपीसीसी। मेरे ऊपर हुआ हमला यह दर्शाता है, लोकतंत्र खत्म हो चुका है। इस मामले में एफआइआर दर्ज करवाउंगा। -हाजी जरीफ, कांग्रेस पार्षद कबीर नगर
चेयरमैन बोले
कांग्रेस पार्षद अचानक से मेरे कार्यालय में आए। उनके पीछे कुछ लोग आ गए। पार्षद व उन लोगों के बीच तीखी नोंकझोंक हुई और एक दूसरे पर उन्होंने कुर्सियों से हमला किया। मैंने बीचबचाव की कोशिश की लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे, जिसके बाद मैं वहां से निकल गया। -पंकज लूथरा, जोन चेयरमैन उत्तर पूर्वी जोन
लिखित शिकायत मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभी कोई शिकायत पुलिस को मिली नहीं है। -राहुल अलवाल, डीसीपी उत्तर पूर्वी जिला
किसी भी सूरत में प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों को दिल्ली में चलने नहीं दिया जाएगा। समय-समय पर डीपीसीसी प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों को सील करता है। स्वत संज्ञान लेकर व शिकायत मिलने पर भी कार्रवाई की जाती है। - डॉ. अनिल गुप्ता, सदस्य डीपीसीसी
यह भी पढ़ें- दिल्ली में कैंसर की नकली और चोरी की दवाओं का पैन इंडिया रैकेट का भंडाफोड़, 12 से अधिक हिरासत में
