Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में फिर बिगड़ेगा मौसम का रुख, शुक्रवार को हो सकती है बारिश
Delhi NCR Weather Update राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर में अभी एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार यानी 24 मार्च को एक बार फिर अच्छी बारिश हो सकती है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। भले ही मंगलवार को दिल्ली में कुछ खास वर्षा नहीं हुई, लेकिन इसके बावजूद मौसम सुहाना बना रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे दर्ज किया गया। ऐसे में लोगों को एक बार फिर ठंड का एहसास होने लगा है। हालांकि, अब तापमान बढ़ेगा, लेकिन शुक्रवार 24 मार्च को एक बार फिर अच्छी वर्षा हो सकती है।
दिनभर छाए बादलों और तेज हवा के बीच मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 25.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 14.1 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 60 से 100 प्रतिशत दर्ज किया गया। मंगलवार को सबसे कम अधिकतम तापमान मयूर विहार में 23.5 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान रिज क्षेत्र में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हवा की गति चार से 16 किलोमीटर के बीच रह सकती है। हल्के बादलों की मौजूदगी बनी रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर वर्षा होगी और तेज हवा चलेगी, जिससे मौसम का रुख बिगड़ सकता है।
अक्टूबर के बाद पहली बार दिल्ली को मिली साफ हवा
तेज हवा और कई दिन से हो रही वर्षा का असर दिल्ली-एनसीआर की हवा पर भी देखने को मिल रहा है। प्रदूषण फिलहाल ‘हवा’ हो गया है एवं लोग स्वच्छ हवा में सांस ले रहे हैं। आलम यह है कि मंगलवार को दिल्लीवासियों को 11 अक्टूबर के बाद पहली बार इतनी साफ हवा मिली। दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) महज 75 रहा। 11 अक्टूबर को यह 66 रहा था।
इस श्रेणी की हवा को ‘संतोषजनक’ कहा जाता है। इस वर्ष का भी यह पहला मौका है, जब एक्यूआइ 100 से नीचे रहा है। बाद में 16 अक्टूबर से ही हवा ‘खराब’ श्रेणी में चली गई थी और समय-दर-समय अलग-अलग श्रेणियों में बनी रही। वहीं, एनसीआर के शहरों में फरीदाबाद का एक्यूआइ ‘मध्यम’, जबकि अन्य सभी जगह ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रहा।
सफर के मुताबिक तीन दिन हवा की गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ अथवा ‘मध्यम’ श्रेणी में ही रहने का अनुमान है। अगले तीन दिन हवा की गति भी छह से 16 किमी तक रहेगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री रह सकता है। इसके चलते प्रदूषक कणों का बिखराव भी ‘मध्यम’ ही रहेगा।