विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में एक ही पद पर लंबे समय से जमे अफसरों का होगा तबादला, LG संधू ने रोटेशन नीति बनाने के दिए निर्देश

Published: Sun, 09 Aug 2026 08:50 PM (IST)

उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सरकारी विभागों में लंबे समय से एक ही पद पर तैनात अधिकारियों के तबादले और व्यवस्थित रोटेशन नीति बनाने के निर्देश दिए हैं।

एलजी संधू। फाइल फोटो

एलजी संधू। फाइल फोटो

HighLights

  1. लंबे समय से तैनात अधिकारियों के तबादले के निर्देश।

  2. संवेदनशील विभागों में तत्काल सीवीओ की नियुक्ति होगी।

  3. अनुबंध-टेंडर में सीवीसी दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित।

राज्य ब्यूराे, नई दिल्ली। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सतर्कता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए लंबे समय से एक ही पद पर तैनात अधिकारियों के तबादले और अधिकारियों की व्यवस्थित रोटेशन नीति बनाने के निर्देश दिए हैं।

वहीं संवेदनशील विभागों में मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) की तत्काल नियुक्ति करने के लिए कहा है। विभागीय सीवीओ खासकर अनुबंध और टेंडर प्रक्रियाओं में केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की निगरानी करेंगे।

लंबे समय से एक ही पद पर तैनात मिले अधिकारी

सरकारी सूत्रों के अनुसार, उपराज्यपाल ने हाल ही में सरकार के प्रधान सचिव (सतर्कता) के साथ बैठक कर पिछले एक दशक से अधिक समय से प्रचलित प्रणालियों, प्रक्रियाओं और कार्यप्रणाली की समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि कई अधिकारी लंबे समय से एक ही पद पर तैनात हैं। इसे देखते हुए लंबे समय से एक ही पद पर तैनात अधिकारियों को हटाने और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए पोस्टिंग संबंधी मौजूदा सर्कुलर को नए सिरे से तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

समीक्षा में यह बात सामने आई कि अधिक वित्तीय आवंटन वाले कुछ विभाग मौजूदा संवेदनशील विभागों की सूची में शामिल नहीं थे, जबकि अपेक्षाकृत कम संवेदनशील माने जाने वाले कुछ विभाग सूची में शामिल थे। इसके बाद विभागों की संवेदनशीलता का नए सिरे से आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।

नियमित बैठक करने के निर्देश

वहीं टेंडर और अनुबंधों की निगरानी के लिए दिशा निर्देश जारी होंगे। सीवीओ की भूमिका और जिम्मेदारियों को स्पष्ट करने के लिए एक मानक तंत्र और संचालन संबंधी दिशानिर्देश तैयार किए जाएंगे।

इसमें यह तय किया जाएगा कि विभागीय सीवीओ खासकर अनुबंध और टेंडर प्रक्रियाओं में किस तरह केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की निगरानी करेंगे।

इसके अलावा, सतर्कता विभाग को सभी विभागों के सीवीओ के साथ नियमित बैठकें करने के निर्देश दिए गए हैं। इन बैठकों में विभागों में चल रहे सतर्कता संबंधी कामकाज की समीक्षा की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में पौधे सूखने पर अब नोडल अधिकारी होंगे सीधे जिम्मेदार, एलजी संधू का कड़ा निर्देश

यह भी पढ़ें- दिल्ली के द्वारका में बनेगा आधुनिक डॉग शेल्टर, LG टीएस संधू ने रखी आधारशिला