Delhi Laxmi Yojana: आज से शुरू होंगे आवेदन, जानें कौन उठा सकेगा ₹2500 महीना का लाभ
Delhi Lakshmi Yojana: दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को आज से 2500 रुपये ...और पढ़ें

दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत 2500 रुपये मासिक सहायता। इमेज एआई
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए दिल्ली लक्ष्मी योजना की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार सुबह गीता कालोनी स्थित डीएम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली लक्ष्मी योजना पोर्टल का शुभारंभ करेंगी। इसके साथ ही योजना के लिए आनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
दिल्ली सरकार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री का कहना है कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि सभी पात्र आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन कर रक्षाबंधन के अवसर पर पहली किस्त जारी की जाए। महिलाओं को मिलने वाली राशि शराब या नशे का कोई सामान नहीं खरीद सकते हैं। इस योजना के अंतर्गत 21 से 60 वर्ष उम्र तक की पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
इस धनराशि को प्राप्त करने के दो विकल्प होंगे। पहले विकल्प में हर महीने लाभार्थी महिला के बैंक अकाउंट में 1500 रुपये की आरडी/एफडी की जाएगी। शेष एक हजार रुपये डिजिटल वालेट में दिए जाएंगे। दूसरे विकल्प में लाभार्थी 2500 रुपये का आरडी/एफडी करा सकती है।
इन खरीदों पर रोक
महिला डिजिटल वालेट वाले पैसे का उपयोग दैनिक खर्चों के लिए कर सकती है। इसके खर्च के कुछ नियम बनाए गए है। सरकार द्वारा तैयार की गई नकारात्मक सूची का सामान नहीं खरीदा जा सकता है। इसमें शराब, तंबाकू, गुटका, सिगरेट आदि शामिल है। ऑनलाइन जुआ और ऑनलाइन के लिए भी यह राशि खर्च नहीं हो सकेगा।
अधिकारियों का कहना है कि यह व्यवस्था महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को ध्यान में रखकर किया गया है। इससे परिवार का कोई सदस्य उनके पैसे का दुरुपयोग नहीं कर सकेगा। इसे प्रभावी ढंग से कैसे लागू किया जाए इसे लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
