ससुराल वालों से इस कदर था परेशान, ससुर और साले को दिल्ली के शारदा अस्पताल में चाकुओं से गोदा; 4 गिरफ्तार
तुर्कमान गेट के शारदा मेडिकल सेंटर में पत्नी को भर्ती कराने के विवाद में वसीम ने अपने दोस्तों के साथ ...और पढ़ें
-1771928895276-1772418596863-1772418607448_m.webp)
शारदा अस्पताल में पहले ससुराल वालों से नोकझोंक खूनी संघर्ष में बदली। फोटो: सांकेतिक
HighLights
अस्पताल में पारिवारिक विवाद के चलते चाकू से हमला
वसीम ने ससुर, साले और मामा पर किया वार
चांदनी महल पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। तुर्कमान गेट स्थित शारदा मेडिकल सेंटर में पत्नी को भर्ती कराने को लेकर विवाद में वसीम नाम के युवक ने अपने दोस्तों को अस्पताल बुलाकर ससुर व साला समेत पत्नी के मामा पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर बुरी तरह घायल कर दिया।
चांदनी महल थाना पुलिस ने वारदात के पांच घंटे के अंदर चाकूबाजी करने में शामिल चार आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल तीन चाकू व एक स्कूटी बरामद कर ली है। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए लोक नायक अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
डीसीपी मध्य जिला अनंत मित्तल के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपितों के नाम वसीम, फईम, सलमान व मोहम्मद अली है। चारों चांदनी महल के रहने वाले हैं। शनिवार को, चांदनी महल थाना पुलिस को पीसीआर काल मिली, जिसमें शारदा मेडिकल सेंटर में चाकूबाजी की घटना की जानकारी दी गई।
पूछताछ से पता चला कि वसीम की पत्नी को उसकी साली ने चिकित्सा कारणों से हाॅस्पिटल में भर्ती करा दिया था। यह जानकारी मिलने पर वसीम अपनी मां के साथ हाॅस्पिटल पहुंच गया। हॉस्पिटल में वसीम की ससुराल वालों के साथ कहासुनी हो गई। बात आगे बढ़ने पर वसीम की साले के साथ मारपीट हो गई।
हाॅस्पिटल में मौजूद लोगों ने दोनों का बीच बचाव करवा दिया, लेकिन वसीम ने मदद के लिए अपने भाई फईम को बुला लिया। उसके बाद दोबारा दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई। इस बीच फईम ने अपने दोस्त सलमान और मोहम्मद अली को भी फोन कर हाॅस्पिटल बुला लिया।
इसके बाद तीनों ने वसीम के साले पर चाकू से हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया, उसके पेट व शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। चाकू से हमला करते देख घायल युवक के पिता और मामा जब बीच-बचाव करने आए, तो उनपर भी हमला कर घायल कर दिया गया।
पीड़ित के पिता के बयान और एमएलसी के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एसीपी कमल शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में वसीम ने बताया कि उसकी अक्सर पत्नी से बहस होती थी। उसे लगता था कि उसकी पत्नी का भाई, उस पर असर डाल रहा है और उनके बीच दिक्कतें पैदा कर रहा है।
इस वजह से, उसके घर पर अक्सर तनाव रहता है, इसलिए उसने साले पर हमला करने का फैसला किया ताकि वह उसके घर के मामलों में दखल देना बंद कर दें। फईम ने बताया कि हमला पहले से प्लान किया गया था। उसने सलमान को काल कर चाकू लाने के लिए कहा।
फिर सलमान ने मोहम्मद अली से दूसरे चाकू का इंतज़ाम करने के लिए कहा। तीनों सलमान की स्कूटी पर हाॅस्पिटल पहुंचे। वसीम के साले को देखते ही उन्होंने अचानक चाकू से हमला कर दिया। जब घायल व्यक्ति के पिता और उसके मामा ने उसे बचाने की कोशिश की तब आरोपितों ने उन पर भी हमला कर दिया।
