दिल्ली की गर्मी में लोगों को कब मिलेगी बारिश से ठंडक? अभी दो दिन चलेगी लू, IMD ने दिया नया अपडेट
दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में लू भी चल सकती है।

दिल्ली वेदर की एआई जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर
HighLights
आज दिल्ली में 45 डिग्री तापमान की संभावना।
बृहस्पतिवार रात से मौसम में बदलाव संभव।
शुक्रवार से हल्की बारिश से मिलेगी राहत।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मौसमी उतार चढाव के बीच बुधवार को फिर से गर्मी की तीखी चुभन महसूस हो सकती है। आसमान दिन भर साफ हवा रहेगा। कहीं- कहीं लू चलेगी। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलने की भी संभावना है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री जबकि न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
इस बीच मंगलवार को भी तेज धूप में दिल्ली वासियों का हाल बेहाल रहा। सुबह ही तेज धूप निकल गई थी, जो दिन चढ़ने के साथ और भी तल्ख होती गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक 26.8 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 57 से 14 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया। 44.8 डिग्री तापमान के साथ आयानगर दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा।
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि अभी दो दिन और भीषण गर्मी का दौर बना रहेगा। कहीं कहीं लू भी चल सकती है। बृहस्पतिवार की रात से एक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम करवट ले सकता है।
इसके बाद फिर शुक्रवार से दो तीन दिन तक हल्की वर्षा होने की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान लू और भीषण गर्मी दोनों से ही राहत मिलेगी। तापमान में भी खासी गिरावट देखने को मिल सकती है। यही नहीं, जून माह की शुरुआत भी अपेक्षाकृत राहत भरी रह सकती है।
मंगलवार को दिल्ली में कहां कितना रहा तापमान
| स्थान | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|---|
| मुंगेशपुर | 44.2 | 25.2 |
| रिज | 44.6 | 26.7 |
| आयानगर | 44.8 | 27.1 |
| पालम | 44.0 | 27.5 |
| लोधी रोड | 43.8 | 25.6 |
| सफदरजंग | 43.5 | 26.8 |
यह भी पढ़ें: 100-200 लोगों को मारने की साजिश? अतहर खान की जमानत पर दिल्ली HC की दो टूक- पहली नजर में साजिश की आशंका
