दिल्ली HC का तिहाड़ जेल अधीक्षक पर बड़ा एक्शन, आदेश न मानने पर अवमानना की कार्यवाही शुरू की
दिल्ली हाई कोर्ट ने तिहाड़ जेल के एक अधीक्षक के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू की है। यह कार्रवाई एक ...और पढ़ें

तिहाड़ जेल अधीक्षक के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का बड़ा एक्शन, अवमानना की कार्यवाही शुरू की गई। फोटो: आर्काइव
HighLights
हाई कोर्ट ने तिहाड़ जेल अधीक्षक पर अवमानना कार्यवाही शुरू की
विचाराधीन कैदी को पैरोल पर रिहा न करने पर यह कार्रवाई हुई
अदालत ने पैरोल आदेश का जानबूझकर उल्लंघन माना है
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। विचाराधीन कैदी को पैरोल पर रिहा होने से रोकने को दिल्ली हाई कोर्ट ने अदालती आदेश का जानबूझकर किया गया उल्लंघन माना है।
जस्टिस पुरुषेंद्र कुमार कौरव की पीठ ने तिहाड़ जेल के एक अधीक्षक के खिलाफ अदालत की अवमानना की कार्यवाही शुरू की है। कोर्ट ने कहा कि जेल प्रशासन ने कैदी अनवर हुसैन की रिहाई के आदेश को असल में नाकाम कर दिया।
चार सप्ताह पैरोल पर रिहाई का आदेश था
अदालत ने यह कार्रवाई पैरोल पर रिहाई के निर्देश देने की मांग वाली हुसैन की याचिका पर की। हुसैन ने जेल प्रशासन द्वारा अपनी पैरोल अर्जी खारिज किए जाने को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी।
30 जुलाई को हाई कोर्ट ने आदेश दिया था कि हुसैन को सक्षम अधिकारी द्वारा तय की जाने वाली शर्तों के साथ चार सप्ताह के लिए पैरोल पर रिहा किया जाए।
शर्तें तय नहीं हुईं, जेल में रहा कैदी
अदालत के आदेश के बावजूद सक्षम अधिकारी ने पैरोल की शर्तें तय नहीं कीं। इसके कारण हुसैन को रिहा नहीं किया गया और वह जेल में ही रहने को मजबूर रहा।
हुसैन पहले ही विचाराधीन कैदी के तौर पर पांच साल और पांच महीने जेल में बिता चुका था। हाई कोर्ट ने इसी स्थिति को अदालती आदेश के पालन को नाकाम करने वाला व्यवहार माना और जेल अधीक्षक के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू की।
