विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सड़क होगी चौड़ी होगी और बनेगा U-Turn, बारापुला के जाम से राहत दिलाने के लिए दिल्ली सरकार का इमरजेंसी प्लान

Published: Wed, 07 Oct 2026 03:22 PM (GMT+05:30)Updated: Wed, 07 Oct 2026 03:25 PM (GMT+05:30)

दिल्ली सरकार ने बारापुला फेज-3 पर जाम की समस्या के तत्काल समाधान के लिए रिंग रोड चौड़ी करने और यू-टर्न बनाने जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।

10-15 दिनों में बदलेगी बारापुला पर ट्रैफिक की सूरत

10-15 दिनों में बदलेगी बारापुला पर ट्रैफिक की सूरत

HighLights

  1. रिंग रोड चौड़ी होगी, फुटपाथ का हिस्सा सड़क में शामिल।

  2. सराय काले खां से बारापुला फेज-1 मार्ग पर यू-टर्न बनेगा।

  3. गूगल मैप पर 10-15 दिनों में ट्रैफिक स्थिति अपडेट होगी।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। बारापुला फेज-3 पर लग रहे जाम की समस्या के तत्काल समाधान के लिए सरकार ने दो महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। इसके तहत रिंग रोड पर सराय काले खां से आइटीओ तक सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। दोनों तरफ के फुटपाथ के कुछ हिस्से को सड़क में शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही फ्लाईओवर के नीचे भी चार लेन की सड़क उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके अलावा सराय काले खां से आगे बारापुला फेज-1 की ओर जाने वाले मार्ग पर गुरुद्वारे के सामने यू-टर्न बनाया जाएगा। इससे वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने और यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

गूगल मैप को लेकर क्या बोले PWD मंत्री?

लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि फिलहाल बारापुला फेज-3 पर मुख्य समस्या इसलिए आ रही है क्योंकि बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग से होकर जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि गूगल मैप पर भी बारापुला फेज-3 की यातायात स्थिति को लेकर अभी सही जानकारी अपडेट नहीं हुई है।

कई लोगों को गूगल मैप पर यह रास्ता साफ दिखाई दे रहा है, जबकि मौके पर यातायात का दबाव अधिक है। इससे भी जाम की समस्या बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि गूगल मैप पर किसी सड़क की वास्तविक स्थिति तत्काल अपडेट नहीं होती। इसके लिए यातायात की स्थिति का अध्ययन किया जाता है और उसके बाद जानकारी अपडेट की जाती है। अगले 10 से 15 दिनों में गूगल मैप पर बारापुला फेज-3 की वास्तविक यातायात स्थिति अपडेट होने की उम्मीद है। इसके बाद वाहन चालकों को सही मार्ग की जानकारी मिलेगी और जाम की समस्या कम होने की संभावना है।

दूरगामी समाधान के तहत एलिवेटेड रोड

मंत्री ने कहा कि बारापुला फेज-3 पर जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए दूरगामी योजना पर भी काम किया जा रहा है। इसके तहत रिंग रोड को एलिवेटेड करने की योजना है। इसके लिए यमुना पर दो पुल बनाए जाने हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बारापुला फेज-3 पर यातायात का दबाव काफी कम होगा और जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।