दिल्ली के सरकारी अस्पतालों के पास खुलेंगी 40 नई अटल कैंटीन, मरीजों को मिलेगी राहत
दिल्ली सरकार मरीजों और उनके तिमारदारों की सुविधा के लिए सरकारी अस्पतालों के पास 40 नई अटल कैंटीन खोलने की योजना बना रही है।

मरीजों और उनके तिमारदारों को खाने की सुविधा मिलेगी। (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मरीजों और उनके तिमारदारों की सुविधा के लिए दिल्ली सरकार सरकारी अस्पतालों के पास 40 अटल कैंटीन खोलने की योजना बना रही है।
इन कैंटीनों का संचालन समय बढ़ाकर सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक किया जाएगा। वर्तमान व्यवस्था में अटल कैंटीन में दोपहर का भोजन पूर्वाह्न 11:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक और रात का भोजन शाम 6:30 बजे से रात 9 बजे तक मिलता है।
लोगों को मिलेगा किफायती और पौष्टिक भोजन
प्रस्तावित अस्पतालों से जुड़ी कैंटीन 12 घंटे खुली रहेंगी। वर्तमान में दिल्ली में 71 अटल कैंटीन हैं। इन कैंटीन की सफलता और अस्पतालों में आने वाले गरीब लोगों की समस्या को देखते हुए सरकार अस्पतालों के आसपास कैंटीन खोलने की योजना पर विचार कर रही है।
दिल्ली सरकार के अनुसार यह कदम मरीजों के परिवारों और चिकित्सा सुविधाओं में लंबा समय बिताने वाले व अन्य लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए उठाया गया है। दिल्ली सरकार ने गत 25 दिसंबर को इस योजना की शुरुआत की थी।
गरीबों, श्रमिकों और अन्य वंचित लोगों को किफायती और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की योजना के तहत जिसके तहत उस दिन 46 ऐसी कैंटीन खोली गई थीं। 19 फरवरी को भी 25 अटल कैंटीनों का उद्घाटन किया गया था।
योजना के कार्यान्वयन के लिए 104 करोड़ आवंटित
वर्तमान में दिल्ली में 71 अटल कैंटीन हैं और सरकार का लक्ष्य मार्च के अंत तक इस नेटवर्क को 100 तक बढ़ाना है। सरकार के अधिकारी ने कहा कि भूमि की उपलब्धता के आधार पर स्थलों का चयन किया जा रहा है और उनका ध्यान उन सार्वजनिक संस्थानों पर है जहां प्रतिदिन आने-जाने वाले लोगों की संख्या अधिक होती है।
सरकार ने इस योजना के कार्यान्वयन के लिए 104 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। प्रत्येक कैंटीन में दोपहर और रात के भोजन के लिए 500-500 थाली देने की दैनिक सीमा निर्धारित की गई है। भोजन प्राप्त करने के लिए लोगों को ''क्यूआर'' आधारित टोकन लेना होता है।
