सौगातः अब दिल्ली में भी बनेगी दुबई की बुर्ज खलीफा जैसी इमारत!
फिलहाल राजधानी में दिल्ली नगर निगम के मुख्यालय की इमारत (सिविक सेंटर) सबसे ऊंची है। यह इमारत 28 मंजिला है। सूत्रों की मानें तो ऊंची इमारतें बनाने को लेकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री सत्येंद्र जैन की अध्यक्षता में कुछ बैठकें हुई हैं।
नई दिल्ली। दुबई की बुर्ज खलीफा इमारत की तर्ज पर दिल्ली में भी जल्द ही ऊंची इमारतें बनाई जाएंगी। बताया जाता है कि दिल्ली सरकार नरेला स्थित औद्योगिक क्षेत्र में दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं ढांचागत विकास निगम लिमिटेड (डीएसआइआइडीसी) के लिए राजधानी की सबसे ऊंची इमारत बनाने पर विचार कर रही है।
फिलहाल राजधानी में दिल्ली नगर निगम के मुख्यालय की इमारत (सिविक सेंटर) सबसे ऊंची है। यह इमारत 28 मंजिला है। सूत्रों की मानें तो ऊंची इमारतें बनाने को लेकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री सत्येंद्र जैन की अध्यक्षता में कुछ बैठकें हुई हैं।
इसके मुताबिक जल्द ही लोक निर्माण विभाग के कुछ इंजीनियरों को दुबई भेजा जाएगा। इसमें अन्य विभागों के भी संबंधित अधिकारी शामिल होंगे। वे दुबई की उन कंपनियों व इंजीनियरों से मुलाकात करेंगे, जिन्होंने ऊंची इमारतों को बनाया है।
इस दौरान वे ऐसी इमारतों का निरीक्षण भी करेंगे जहां रहने के लिए घर, पार्क, होटल, व्यावसायिक स्थल सहित कई चीजें एक ही जगह पर हों। बताया जाता है कि सरकार नरेला में बनने वाली इमारत में भी ऐसी व्यवस्था करना चाहती है, जिसमें व्यापारियों को रहने के लिए घर के अलावा अन्य सुविधाएं भी इमारत में मिल जाएं।