दिल्ली में 322 Kg घी जब्त, त्याहारों से पहले मिठाई की दुकानों पर ताबड़तोड़ छापामारी
दिल्ली खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारों के दौरान छूट के नाम पर खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए ...और पढ़ें

दिल्ली में मिठाई की दुकानों पर छापामारी। AI जनरेटेड इमेज
HighLights
दिल्ली खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारों में जांच तेज की।
विकासपुरी, हस्तसाल से 322 लीटर/किलोग्राम से अधिक घी जब्त।
मिठाई व अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। त्योहारों में भारी छूट और आकर्षक ऑफर के नाम पर खराब या गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिल्ली खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच तेज कर दी है।
खुदरा बाजार और इंटरनेट मीडिया पर ‘एक के साथ एक मुफ्त’ और 60 प्रतिशत तक छूट के विज्ञापन देने वाले स्टोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की। विकासपुरी और हस्तसाल गांव के स्टोरों से 322.53 लीटर/किलोग्राम घी जब्त किया गया।
वहीं, गलत लेबलिंग की आशंका में मिठाई के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब दिल्ली में घी की गुणवत्ता पर पहले ही सवाल उठ चुके हैं।
घी के 59 नमूनों में 19 असुरक्षित
दिल्ली खाद्य सुरक्षा विभाग ने 17 अक्टूबर को जांच में देसी घी के 59 नमूनों में से 19 को मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाया, जबकि चार नमूने गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे थे। ऐसे में त्योहारों के दौरान घी की गुणवत्ता की जांच और अहम हो गई है। बड़ी बात यह कि इस तरह का अधिकांश माल एक से साथ एक फ्री के नाम पर बेचा जा रहा है।
दो जगह से घी जब्त
दिल्ली खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विकासपुरी स्थित मैक्सकार्ट स्टोर और अग्रवाल स्टोर से विभिन्न ब्रांड के घी के पांच नमूने लिए और 75.53 लीटर घी जब्त किया। हस्तसाल गांव स्थित अग्रवाल स्टोर से श्री शान, वृंदा फार्म्स और अवतार ब्रांड के घी के तीन नमूने लेकर 246 किलोग्राम घी जब्त किया गया।
आजाद मार्केट लाइब्रेरी रोड स्थित साहिब संस प्रतिष्ठान से गलत लेबलिंग के संदेह में चीनी से बनी मिठाई के दो नमूने लिए गए। यह प्रतिष्ठान वीकोन इंटरनेशनल के नाम से कारोबार करता है।
इसके अलावा लाजपत नगर के जैन स्टोर से मखाना व हल्दी पाउडर औ रिठाला स्थित युग बास्केट प्राइवेट लिमिटेड से बिस्कुट और कैंडी के नमूने लिए गए।
