विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए आए 5.5 लाख आवेदन: पश्चिमी दिल्ली सबसे आगे, नई दिल्ली छूटी पीछे

Published: Mon, 07 Sep 2026 09:17 PM (IST)

दिल्ली की ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, सुधारने या हटवाने के लिए एक सप्ताह में 5.58 लाख से अधिक ...और पढ़ें

ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने वालों के लगातार आवेदन कर रहे हैं।

ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने वालों के लगातार आवेदन कर रहे हैं। 

HighLights

  1. एक सप्ताह में 5.58 लाख से अधिक आवेदन दर्ज।

  2. पश्चिमी दिल्ली फॉर्म 6 आवेदनों में सबसे आगे रहा।

  3. दावे-आपत्तियों की अंतिम तिथि 30 सितंबर है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। एसआईआर के बाद जारी दिल्ली की ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने वालों के लगातार आवेदन कर रहे हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) दिल्ली की ओर से सोमवार को जारी स्टेटस रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले सात दिनों में ही राजधानी के सभी 13 जिलों से विभिन्न फॉर्म के जरिए कुल 5.58 लाख से अधिक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा चुकी हैं।

नए मतदाता बनने और सूची से कटे नाम दोबारा जुड़वाने के लिए फरर्म छह भरकर आवेदन करने के मामले में पश्चिमी दिल्ली जिला सबसे आगे रहा है, जहां से सर्वाधिक 31,663 फॉर्म मिले हैं। इसके बाद दक्षिणी पूर्व से 27,145 और उत्तर पूर्व से 26,438 फॉर्म प्राप्त हुए हैं।

दूसरी तरफ, नई दिल्ली जिले में यह आंकड़ा सबसे कम रहा, जहां नए नाम जोड़ने के लिए सिर्फ 2,835 फॉर्म ही जमा हुए हैं। पूरी दिल्ली से नए नाम शामिल कराने के लिए अब तक कुल 2,35,378 फॉर्म छह और प्रवासी भारतीयों के लिए 1,406 फॉर्म छह ए मिले हैं। पते में बदलाव और मतदाता सूची की जानकारियों में सुधार कराने के लिए भरे जाने वाले फॉर्म आठ की मांग सबसे ज्यादा देखी जा रही है।

छह सितंबर तक कुल 2,70,839 फॉर्म आठ जमा किए गए हैं, जिसमें पूर्वी दिल्ली जिला 33,916 आवेदनों के साथ शीर्ष पर है, जबकि उत्तर पूर्व से 33,559 और दक्षिण पूर्व से 31,251 आवेदन आए हैं। वहीं, सूची से फर्जी या शिफ्ट हो चुके लोगों के नाम हटाने के लिए फॉर्म सात के तहत पूरी दिल्ली से कुल 51,649 आपत्तियां दर्ज की गई हैं, जिनमें सबसे अधिक 14,681 आपत्ति अकेले दक्षिण पूर्व जिले से मिले हैं।

सीईओ ने लोगों से अपील की है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट (voters.eci.gov.in) पर जाकर या अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर उपलब्ध ड्राफ्ट सूची में अपना नाम जरूर चेक कर लें। जिन लोगों का नाम सूची में नहीं है या जो एक अक्टूबर तक 18 साल की उम्र पूरी कर रहे हैं, वे फॉर्म छह भरकर आवेदन कर सकते हैं। दावे व आपत्तियां की आखिरी तारीख 30 सितंबर है। प्राप्त आवेदनों का निस्तारण 29 अक्टूबर तक कर दिया जाएगा और इसके बाद चार नवंबर 2026 को दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली की बैठक से चरणजीत चन्नी दूर, पंजाब कांग्रेस में सियासी हलचल तेज; सचिन पायलट अगले हफ्ते पंजाब दौरे पर