अतिक्रमण हटाने को निकायों में समन्वय जरूरी: अनुराग जैन
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के उपाध्यक्ष और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के अध्यक्ष अनुराग जैन ने दिल्ली में कानून के तहत अतिक्रमण हटाने के लिए स्थानीय निकायों के बीच आपसी समन्वय पर जोर दिया है। उन्होंने शुक्रवार को स्थानीय निकायों के साथ एसटीएफ की 56वीं बैठक भी ली। इसमें बैठक में निकायों ने अपने अपने इलाकों में अतिक्रमण को लेकर की गई कार्रवाई भी साझा किया।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के उपाध्यक्ष और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के अध्यक्ष अनुराग जैन ने दिल्ली में कानून के तहत अतिक्रमण हटाने के लिए स्थानीय निकायों के बीच आपसी समन्वय पर जोर दिया है। उन्होंने शुक्रवार को स्थानीय निकायों के साथ एसटीएफ की 56वीं बैठक भी ली। इसमें बैठक में निकायों ने अपने-अपने इलाकों में अतिक्रमण को लेकर की गई कार्रवाई को भी साझा किया।
बैठक में बताया गया कि अतिक्रमण को लेकर एसटीएफ को 31 अक्टूबर तक 65,796 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें से 59,457 पर कार्रवाई की गई। वहीं 16 अक्टूबर से लेकर 31 अक्टूबर तक 2,233 एक्शन टेकन रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं। 6,339 शिकायतें अब भी लंबित हैं। बैठक के दौरान पूर्वी निगम ने शास्त्री पार्क, जोशी कॉलोनी, गीता कॉलोनी, न्यू अशोक नगर, लक्ष्मी नगर, न्यू कोंडली, विजय पार्क, मौजपुर एवं रामनगर समेत अन्य इलाकों में कार्रवाई की जानकारी साझा की।
दक्षिणी निगम ने छतरपुर एक्सटेंशन में निर्माण हटाने की कार्रवाई, आइटीओ, हंसराज सेठी मार्ग, गोविदपुरी, वसंत कुंज, वसंत विहार, सीआर पार्क, खानपुर, मालवीय नगर व लाड़ो सराय समेत अन्य इलाकों में अस्थायी सरंचना हटाने की जानकारी दी। उत्तरी दिल्ली निगम में ईस्ट पटेल नगर, करोल बाग, शास्त्री नगर, सेवाश्रम रोड पर 10 निर्माण हटाने की जानकारी दी गई। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) ने खान मार्केट, सरोजिनी नगर, चाणक्यपुरी, गोल मार्केट, जनपथ, लक्ष्मी बाई नगर, कनॉट प्लेस व पालिका बाजार समेत अन्य इलाकों में अतिक्रमण हटाने का काम किया।
स्थानीय निकायों ने 16 से 31 अक्टूबर तक 224.95 किलोमीटर लंबी सड़क पर अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया। इसमें उत्तरी निगम ने 49.2 किमी, दक्षिणी निगम ने 70. 75 किमी, पूर्वी निगम ने 80 किमी और एनडीएमसी ने 25 किमी अतिक्रमण हटाया।