विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में अतिक्रमण हटाने पहुंचे सिपाही का सिर फोड़ा, सात टांके आए; ASI से भी मारपीट

Published: Sat, 24 Oct 2026 04:41 PM (GMT+05:30)

दक्षिणी दिल्ली के ओखला में अतिक्रमण हटाने गए सिपाही मनविंदर सिंह पर अजय ने ईंट से हमला कर सिर फोड़ ...और पढ़ें

दिल्ली में पुलिस पर हमला। AI जनरेटेड

दिल्ली में पुलिस पर हमला। AI जनरेटेड

HighLights

  1. ओखला में अतिक्रमण हटाने गए सिपाही पर ईंट से हमला।

  2. हमले में सिपाही मनविंदर सिंह के सिर में सात टांके आए।

  3. आरोपी अजय रेहड़ी वालों से वसूली करता था, केस दर्ज।

धनंजय मिश्रा, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में ओखला औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र के सी-लाल चौक पर सड़क से अतिक्रमण हटाने पहुंचे सिपाही मनविंदर सिंह पर आरोपी अजय ने विरोध कर ईंट मारकर सिर फोड़ दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे गोविंदपुरी थाने के एएसआई दया शंकर से भी मारपीट की।

सिपाही के सात टांके आए हैं। आरोपी अजय सड़क किनारे खुद रेहड़ी लगाने के साथ ही अन्य रेहड़ी-पटरी वालों से वसूली करता था। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास समेत कई अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, ओखला औद्योगिक क्षेत्र थाने में तैनात सिपाही मनविंदर सिंह सिपाही जयराम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सी-लाल चौक के पास यातायात बाधित होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर सड़क पर मूंगफली फैलाकर बेचने के कारण जाम लगा मिला।

सिपाही ने अजय और उसके परिवार के सदस्यों से सड़क खाली करने को कहा तो विवाद शुरू हो गया। अजय नशे में था। विवाद के दौरान उसने ईंट से खुद को चोट पहुंचाई और पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाने लगा।

सिर फट गया और खून बहने लगा

इसके बाद उसने अपनी मां विमलेश और बहन ममता यादव को मौके पर बुला लिया। इसके बाद अजय ने ईंट उठाकर सिपाही मनविंदर सिंह के सिर पर दे मारी। उनका सिर फट गया और खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। बाद में ओखला औद्योगिक क्षेत्र और गोविंदपुरी थाने से अतिरिक्त पुलिसकर्मी पहुंचे और अजय को काबू किया।

झूठे आरोप लगवाने की भी देता था धमकी

मामले में दर्ज की गई एफआईआर में बताया है कि अजय और उसके परिजनों ने सड़क किनारे 2-3 जगहों पर कब्जा कर रखा है। कई अन्य जगहों पर रेहड़ी लगाने वाले दूसरे विक्रेताओं से रुपये वसूले जाते थे। पुलिस कार्रवाई का विरोध करने पर आरोपी महिलाओं से झूठे आरोप में शिकायत करने की धमकी देता था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी गिरोह बनाकर क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करवाता था। इसके बदले रेहड़ी-पटरी लगाने वालों से वसूली करता था।