सिर पर सिलेंडर रख कांग्रेसियों ने किया महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन
कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा और दिल्ली की आम आदमी पार्टी दोनों के ही खिलाफ जमकर नारेबाजी की।कहा केंद्र जहां पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों पर कोई नियंत्रण ही नहीं रख पा रहा वहीं दिल्ली सरकार भी वैट कम कर दिल्ली वासियों को राहत देने की कोई कोशिश नहीं कर रही।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में वृद्धि के खिलाफ चांदनी चौक जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को बाराटूटी चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में पूर्व केंद्रीय मंत्री जगदीश टाइटलर, प्रदेश उपाध्यक्ष मुदित अग्रवाल, पूर्व विधायक कुंवर करण सिंह और राजेश जैन ने भी हिस्सा लिया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष जावेद मिर्जा ने किया।
सरकार नहीं कम कर रही वैट
इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा और दिल्ली की आम आदमी पार्टी दोनों के ही खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि केंद्र जहां पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों पर कोई नियंत्रण ही नहीं रख पा रहा, वहीं दिल्ली सरकार भी वैट कम कर दिल्ली वासियों को राहत देने की कोई कोशिश नहीं कर रही। दोनों ही सरकारों को जनता की तकलीफों से कोई लेना देना नहीं है।
केंद्र एवं राज्य सरकारों पर लगा संवेदनहीन होने का आरोप
सिर पर सिलेंडर रखकर प्रदर्शन में भाग ले रहे मुदित अग्रवाल ने कहा कि मोदी और केजरीवाल सरकारें संवेदनहीन हो चुकी हैं और उनको लोगों के दुःख दर्द से कोई सरोकार नहीं है। लोगों के घर का बजट बिगड़ गया है और लोग तकलीफ़ में हैं, लेकिन दोनों सरकारों ने आँख बंद कर रखी हैं।
बहुत तेजी से बढ़ रहे हं पेट्रोल- डीजल के दाम
पेट्रोल और डीजल के दाम बहुत जल्दी जल्दी बढ़ाए जा रहे हैं । गैस सिलेंडर में भी वृद्धि हो रही है। दाल और सब्ज़ियों के दाम आसमान छू रहे हैं। आम आदमी जाए तो जाए कहाँ? उन्होंने कहा कि दिल्ली में सिर्फ़ एक चीज़ के दाम कम हो रहे हैं, और वो है शराब। लेकिन काँग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता सरकारों की मनमानी के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे और जनता की लड़ाई भी लड़ते रहेंगे।