दिल्ली में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला:चाको
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको का कहना है कि इस लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। आम आदमी पार्टी (आप) की उपस्थिति होने के बावजूद त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना अब धीरे-धीरे खत्म होती जा रही है। उन्होंने भाजपा को हराने की रणनीति के संदर्भ में आप संयोजक अरविद केजरीवाल की नीयत पर भी संदेह जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए केजरीवाल गंभीर नहीं हैं। लिहाजा दिल्ली ही नहीं देश भर में राहुल गांधी और नरेंद्र मोदी के बीच सीधा मुकाबला होने जा रहा है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली :
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको का कहना है कि इस लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। आम आदमी पार्टी (आप) की उपस्थिति होने के बावजूद त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना अब धीरे-धीरे खत्म होती जा रही है। उन्होंने भाजपा को हराने की रणनीति के संदर्भ में आप संयोजक अरविद केजरीवाल की नीयत पर भी संदेह जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए केजरीवाल गंभीर नहीं हैं। लिहाजा, दिल्ली ही नहीं, देश भर में राहुल गांधी और नरेंद्र मोदी के बीच सीधा मुकाबला होने जा रहा है।
चाको बृहस्पतिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में मीडिया से मुखातिब थे। अवसर था दिल्ली के सातों कांग्रेस उम्मीदवारों को मीडिया से रूबरू कराना। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष और उत्तर पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार शीला दीक्षित, नई दिल्ली से उम्मीदवार अजय माकन, पश्चिमी दिल्ली से उम्मीदवार महाबल मिश्रा, उत्तर पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार जयप्रकाश अग्रवाल, उत्तर पश्चिमी दिल्ली से उम्मीदवार राजेश लिलोठिया और दक्षिणी दिल्ली से उम्मीदवार विजेंद्र सिंह भी मंच पर मौजूद रहे।
चाको ने आगे कहा कि पार्टी के सातों लोकसभा उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही दिल्ली में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनने लगा है। पहले हमें भी लग रहा था कि दिल्ली में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला होगा, लेकिन पार्टी उम्मीदवारों को जनता से जो रिस्पांस मिल रहा है, उसे देखने के बाद आप अब मुकाबले से कमोबेश बाहर ही नजर आ रही है। उन्होंने भाजपा विरोधी वोट भी कांग्रेस उम्मीदवारों को ही मिलने की संभावना जताई। चाको ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावना को अब एक बंद हो चुका अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल पर बिल्कुल भी भरोसा नहीं किया जा सकता।
शीला दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने हम सब पर विश्वास व्यक्त करते हुए हमें यह जिम्मेदारी सौंपी है कि हम सभी अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में जनता के सहयोग एवं समर्थन से पार्टी का परचम फहराएं और चुनावों में विजय हासिल कर दिल्ली की जनता की सेवा करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी प्रत्याशी सभी के जाने पहचाने हैं और दिल्लीवासियों की सेवा में भी वर्षो से लगे हुए हैं। दिल्लीवासियों के प्यार और विश्वास को प्राप्त कर सभी कांग्रेस प्रत्याशी लोकसभा चुनावों में विजयी होंगे, इसमें किसी को कोई संदेह नही है।