विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में टिकरी कलां मेट्रो स्‍टेशन के पास सीएनजी पंप पर सिलिंडर फटा, तीन की मौत; तीन लोग झुलसे

Published: Wed, 19 Aug 2026 05:07 PM (IST)Updated: Wed, 19 Aug 2026 06:53 PM (IST)

मुंडका के टिकरी कलां में एक सीएनजी पंप पर ट्रक में गैस भरते समय सिलिंडर में धमाका हो गया, जिसमें ...और पढ़ें

HighLights

  1. टिकरी कलां सीएनजी पंप पर ट्रक सिलिंडर में जोरदार धमाका।

  2. धमाके में तीन लोग घायल हुए, सभी अस्पताल में भर्ती हैं।

  3. पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के मुंडका थाना क्षेत्र स्थित टीकरी मेट्रो स्टेशन के पास स्थित आध्या सीएनजी फिलिंग स्टेशन पर बुधवार दोपहर ट्रक में गैस भरते समय सिलिंडर में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में फिलिंग स्टेशन के तीन कर्मचारियों की मौत हो गई और चार कर्मी घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।

शुरुआती जांच में सामने आया कि सीएनजी भरते समय अत्यधिक दबाव या किसी तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि इसके सटीक कारणों की जांच में फोरेंसिक टीम लगी हुई है। जांच टीम ने पंप में लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया है। मुंडका थाना पुलिस ने मामले में लापरवाही से जुड़ी धारा में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

सीएनजी पंप और आसपास अफरातफरी मच गई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 3:20 बजे ट्रक (एचआर 63डी1128) में सीएनजी गैस भरी जा रही थी, तभी सिलिंडर तेज आवाज के साथ फट गया। धमाके से सीएनजी पंप और आसपास अफरातफरी मच गई। लोग जान बचाकर भागने लगे। धमाका इतना भीषण था कि ट्रक के पास खड़े एक टाटा ट्राला, इको कार और स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

धमाके की चपेट में सात कर्मचारी आ गए। तीन कर्मचारी बाबा हरिदास नगर कॉलोनी निवासी मनीष, निजामपुरी निवासी ब्रह्मजीत और सन्नी की मौके पर ही मौत हो गई। कर्मचारी सुरजीत, संजय और विपिन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत पास के मुंडका स्थित सीडी ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

एक अन्य घायल कर्मचारी अक्षय हैं, जो मृतक ब्रह्मजीत के भाई हैं। अक्षय की पीठ में चोट आई है और उन्हें बहादुरगढ़ के जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद अक्षय को छुट्टी दे दी गई।

दिल्ली फायर सर्विस की टीम दो गाड़ियों के साथ वहां पहुंचीं

हादसे की सूचना मिलते ही घायल ब्रह्मजीत के स्वजन मौके पर पहुंचे। वे तत्काल ब्रह्मजीत और अक्षय को बहादुरगढ़ के जीवनज्योति अस्पताल में लेकर गए। दोपहर करीब 3.40 बजे पुलिस और दिल्ली फायर सर्विस की टीम दो गाड़ियों के साथ वहां पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया।

बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त और मुंडका थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घायलों को एंबुलेंस के जरिये पास के सीडी ग्लोबल अस्पताल पहुंचाया। फारेंसिक विशेषज्ञों की टीम विस्फोट के सही कारणों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार में तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड और पुलिस ने लोगों को किया रेस्क्यू