विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने 'चलो यमुना अभियान' के तहत किया श्रमदान, लोगों से 'यमुना प्रहरी' बनने की अपील

Published: Sun, 18 Oct 2026 02:06 PM (IST)

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'चलो यमुना अभियान' के तहत आईटीओ के हाथी घाट पर श्रमदान किया। इस अभियान ...और पढ़ें

News Article Hero Image

डिजिटल डेस्‍क, नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'चलो यमुना अभियान' के अंतर्गत आज आईटीओ स्थित हाथी घाट पर स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया और श्रमदान किया। इस वृहद अभियान का उद्देश्य यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त कर उसे उसका पुराना और निर्मल स्वरूप लौटाना है।

इस स्वच्छता महाअभियान में दिल्ली विधानसभा के मुख्य सचेतक एवं विधायक अभय वर्मा सहित बड़ी संख्या में युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की। यह सफाई अभियान केवल एक घाट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजधानी के 70 विभिन्न यमुना घाटों पर एक साथ चलाया गया। इस दौरान हजारों दिल्लीवासियों ने एकजुट होकर घाटों की सफाई की और मां यमुना के प्रति अपनी श्रद्धा को सेवा के रूप में प्रस्तुत कर एक प्रेरक उदाहरण पेश किया।

 

 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस जनभागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि लोगों का यह उत्साह यमुना को स्वच्छ बनाने के सरकार के संकल्प को नई ऊर्जा देता है। उन्होंने सभी दिल्लीवासियों से अपील करते हुए कहा, "यमुना के घाटों और किनारों पर प्लास्टिक, पूजा सामग्री या अन्य किसी भी प्रकार का कचरा न डालें। घाटों की स्वच्छता बनाए रखें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।"

अंत में, सीएम ने राजधानीवासियों से 'यमुना प्रहरी' बनने का आह्वान किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मां यमुना की स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी जिम्मेदारी और स्वभाव का हिस्सा बनाएं।