सीएम-डिप्टी सीएम को छोड़ मंत्रियों के बदलेंगे विभाग, दो हटाएं भी जाएंगे
केजरीवाल दो मंत्रियों के एक साल के कामकाज से संतुष्ट नहीं हैं और उन्हें भविष्य में भी सुधार होता नहीं दिख रहा है। इन दोनों मंत्रियों को हटाने का निर्णय लिया जा चुका है। इनमें से एक मंत्री अपने फैसले को लेकर कुछ दिन पहले विवादों में रह चुके हैं,
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने एक साल के कार्यकाल के बाद बड़ा फेरबदल करते हुए दो मंत्रियों को हटाने का फैसला लिया है। साथ ही उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को छोड़कर अन्य सभी मंत्रियों के विभाग बदलेंगे। इस बार मंत्रिमंडल में दिल्ली देहात के चेहरे को भी शामिल किया जा रहा है।
मैडम तुसाद में लगेगा पीएम मोदी के साथ केजरीवाल का भी पुतला
सूत्रों के अनुसार, विधानसभा के पदों में भी कुछ बदलाव हो सकता है। आप सरकार से जुड़े विश्वस्त सूत्रों का कहना है कि मंत्रियों के विभागों में बदलाव को लेकर पूरा मसौदा तैयार किया जा चुका है। सभी फैसले आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सहमति से लिए गए हैं।
केजरीवाल दो मंत्रियों के एक साल के कामकाज से संतुष्ट नहीं हैं और उन्हें भविष्य में भी सुधार होता नहीं दिख रहा है। इन दोनों मंत्रियों को हटाने का निर्णय लिया जा चुका है। इनमें से एक मंत्री अपने फैसले को लेकर कुछ दिन पहले विवादों में रह चुके हैं, जबकि दूसरे मंत्री के रिपोर्ट कार्ड से मुख्यमंत्री संतुष्ट नहीं हैं।
ऐसे में दिल्ली सरकार के मंत्रिमंडल में दो नए चेहरों का शामिल होना तय है। इस बार युवाओं को तरजीह दी जाएगी। इसमें से एक नाम बाहरी दिल्ली क्षेत्र से चुन लिया गया है और इस पर पार्टी में आम सहमति बन चुकी है। सरकार ने भी माना है कि मंत्रिमंडल में दिल्ली देहात की कमी खल रही है।
मुख्यमंत्री केजरीवाल से दिल्ली देहात के कई प्रतिनिधिमंडल मिलकर इसकी मांग भी कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि तीन प्रमुख मंत्री गोपाल राय व सत्येंद्र जैन और कपिल मिश्र के विभाग में बदलाव किया जा रहा है। यह फेरबदल बजट सत्र के तुरंत बाद होने की संभावना है।