सोना हुआ सस्ता: करवाचौथ-धनतेरस पर इंडो-वेस्टर्न ज्वैलरी की डिमांड, चांदनी चौक में गहनों की बिक्री 12% बढ़ी
त्योहारों और वैवाहिक मौसम के साथ सोने की कीमतों में नरमी से दिल्ली के दरीबा और कूचा महाजनी बाजारों में ...और पढ़ें

चांदनी चौक में गहनों की बिक्री 12% बढ़ी।
HighLights
त्योहारों और कीमतों में नरमी से बढ़ी सोने की मांग।
पूछताछ में चार गुना, बिक्री में 10-12% की वृद्धि।
हल्के वजन और फ्यूजन डिजाइन वाले आभूषणों की धूम।
नेमिष हेमंत, नई दिल्ली। त्योहार व वैवाहिक मौसम के साथ दाम में नरमी ने सोने पर सुहागा किया है। जिससे दरीबा व कूचा महाजनी जैसे प्रसिद्ध ज्वेलरी बाजारों में रौनक लौटी है। पिछले दो दिनों में ही खरीदारी संबंधित पूछताछ में चार गुना तो बिक्री में 10 से 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी आई है।
विशेष कि निवेशक के साथ शादी समेत अन्य समारोह के लिए खरीदार लौटे हैं। फिलहाल, करवा चौथ और धनतेरस जैसे बड़े त्योहारों को लेकर मांग खास है।
ज्वैलर्स का क्या कहना है?
ज्वैलर्स के अनुसार, हाल के दिनों में सोने की कीमतों में आई नरमी ने ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रेरित किया है। बीते कुछ दिनों में ही मांग व पूछताछ के साथ बुकिंग में अच्छी तेजी देखी जा रही है। उनके अनुसार, हालिया सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मौद्रिक नीतियों और वैश्विक आर्थिक संकेतों के चलते सोने के दाम उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद अब गिरावट की ओर है।
जहां एक तरफ निवेशक बुलियन (सोने-चांदी के सिक्के व बार) की खरीदारी में रुचि दिखा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ आम ग्राहक इसे आभूषणों की खरीदारी के लिए सबसे उपयुक्त समय मान रहे हैं।
दरीबा ज्वैलर्स एसोसिएशन से भी बातचीत
वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच सोने में निवेश सुरक्षित विकल्प बना हुआ है और कीमतों में नरमी के साथ मांग तुरंत बढ़ जाती है। दरीबा ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष तरुण गुप्ता के अनुसार, पहले जहां पूछताछ के लिए 10 फोन आते थे तो अब उसकी संख्या 40 तक बढ़ गई है।
द बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन, कूचा महाजनी के चेयरमैन राम अवतार वर्मा ने कहते हैं कि सोने के दाम में गिरावट के साथ ही बुलियन तथा ज्वेलरी की मांग में तेजी आई है। क्योंकि वैश्विक अस्थिरता के माहौल में कुछ भी तय नहीं है कि कब तेजी आ जाए।
फिलहाल बिक्री बढ़ने से बाजार में उत्साह लौटा है। ज्वैलरी बाजारों में भी ग्राहकों को लुभाने के लिए खास सजावट के साथ छूट की पेशकश है।
इंडो-वेस्टर्न फ्यूजन डिजाइन की भारी मांग
विशेष कि इस बार ज्वैलरी में हल्के वजन के साथ डिजाइन में फ्यूजन पर जोर है। इस बार करवा चौथ और धनतेरस की खरीदारी में ग्राहकों की पसंद में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पारंपरिक भारी-भरकम गहनों की जगह हल्के और रोजमर्रा के इस्तेमाल में आने वाले आभूषणों को प्राथमिकता दी जा रही है।
इसके साथ ही, देसी और विदेशी डिजाइनों का फ्यूजन इस सीजन का मुख्य आकर्षण बना हुआ है। जिसमें विशेष आकार वाली जर्मनी की डिजाइन, तुर्किए की जालीदार तथा इटैलियन डिजाइन युवा वर्ग को लुभा रही है।
इसी तरह, कामकाजी महिलाएं इटालियन टोन, रोज गोल्ड, कटवर्क तथा आधुनिक एस्थेटिक फिनिशिंग वाले आभूषणों को काफी पसंद कर रही हैं। करवा चौथ के लिए लाइटवेट मंगलसूत्र, चूड़ियां, चेन और अंगूठी की मांग सबसे अधिक है, जबकि धनतेरस के लिए पहले से ही बुकिंग और सिक्के, गिन्नी की मांग तेजी पर है।
