इस बार वर्चुअल होगा दिल्ली पुस्तक मेला, दो दिन चलेगा
कोविड-19 को देखते हुए इस बार दिल्ली पुस्तक मेला वर्चुअल रूप से आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन भारतीय प्रकाशक संघ (एफआईपी) द्वारा 30 और 31 अक्टूबर को किया जाएगा। इस डिजिटल बुक फेयर को प्रगति-ई प्लेटफॉर्म पर लगाया किया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : कोविड-19 को देखते हुए इस बार दिल्ली पुस्तक मेला वर्चुअल रूप से आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन भारतीय प्रकाशक संघ (एफआइपी) द्वारा 30 और 31 अक्टूबर को किया जाएगा। इस डिजिटल बुक फेयर को प्रगति-ई प्लेटफॉर्म पर लगाया जाएगा।
दिल्ली पुस्तक मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने बताया कि केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया विजन से तालमेल बनाए रखते हुए फेडरेशन ने इस वर्ष सबकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुस्तक मेले को डिजिटल रूप से आयोजित करने का फैसला किया है। इस मेले में प्रकाशकों के साथ लेखक, वितरक और किताबों के शौकीन एक ही प्लेटफॉर्म पर इकट्ठा होंगे। आयोजकों का मानना है कि इस बार पुस्तक मेले में 100 से अधिक प्रदर्शनी लगाने वालों के साथ 5000 से ज्यादा पुस्तकें लोगों के सामने होंगी। इसमें 20 से अधिक वेबिनार होंगे। गौरतलब है कि दिल्ली पुस्तक मेले का आयोजन 1995 में शुरू हुआ था।