विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में BJP का 'सेवा ज्योति' कार्यक्रम, ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी- दोपहर 1 बजे तक इन रास्तों से रहें दूर

Published: Wed, 07 Oct 2026 08:24 AM (IST)

दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा 'सेवा ज्योति' कार्यक्रम आयोजित कर ...और पढ़ें

बीजेपी दिल्ली में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। पीएम नरेंद्र मोदी को सुनने के लिए भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

बीजेपी दिल्ली में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। पीएम नरेंद्र मोदी को सुनने के लिए भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

HighLights

  1. पीएम मोदी के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का 'सेवा ज्योति'।

  2. इंदिरा गांधी स्टेडियम में कार्यक्रम हेतु ट्रैफिक एडवाइजरी जारी।

  3. सुबह 5 से दोपहर 1 बजे तक प्रमुख रास्तों पर यातायात बाधित।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) दिल्ली में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। इस अवसर पर दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में 'सेवा ज्योति' कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं और गाड़ियों के जुटने की संभावना को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

किन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन?

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक मध्य और मध्य-पूर्वी दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा। आवश्यकतानुसार वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित और परिवर्तित (डायवर्ट) किया जाएगा:

  • बहादुर शाह ज़फर मार्ग और जवाहरलाल नेहरू मार्ग
  • विकास मार्ग और आईपी मार्ग
  • महात्मा गांधी मार्ग (रिंग रोड) और सलीमगढ़ बायपास
  • शांतिवन से राजघाट और भैरों मार्ग का हिस्सा
  • गीता कॉलोनी फ्लाईओवर से आईटीओ और यमुना ब्रिज का मार्ग

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुबह 6 बजे से सचिवालय मार्ग और वेलोड्रोम रोड पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रह सकती है।

यात्रियों के लिए सलाह और पार्किंग नियम

यातायात पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच इन प्रभावित रास्तों पर यात्रा करने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का चयन करें। इसके अलावा, इन सभी प्रभावित सड़कों और मार्गों पर वाहनों की पार्किंग पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों को पुलिस क्रेन से उठाएगी और चालान भी जारी किया जाएगा।

बीजेपी के वरिष्ठ नेता होंगे शामिल

इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित हो रहे इस 'सेवा ज्योति' कार्यक्रम में दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी के कई राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के वरिष्ठ अधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। पूरे शहर के विभिन्न मंडलों से रैलियों और जुलूसों के रूप में कार्यकर्ता स्टेडियम पहुंचेंगे।

यह भी पढ़ें- पीएम मोदी आज राष्ट्र को करेंगे संबोधित, 'विकसित भारत संकल्प सभा' के जरिए देश से जुड़ेंगे प्रधानमंत्री