दिल्ली एयरपोर्ट डूबा दिखाने वाले 63 मीडिया हैंडल पुलिस रडार पर, भ्रामक AI वीडियो वायरल करने पर FIR
दिल्ली पुलिस इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर जलभराव के भ्रामक एआई-जेनरेटेड वीडियो प्रसारित करने वाले 63 इंटरनेट मीडिया हैंडल की जांच कर रही है।

दिल्ली एयरपोर्ट का फर्जी पोस्ट डालने वालों पर सख्ती। फोटो: आर्काइव
HighLights
दिल्ली पुलिस 63 सोशल मीडिया हैंडल की जांच में जुटी
आइजीआइ एयरपोर्ट के फर्जी जलभराव वीडियो प्रसारित किए गए
डायल की शिकायत पर एफआईआर दर्ज, साइबर टीम सक्रिय
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (आइजीआइ) को जलभराव और बाढ़ में डूबा दिखाने वाले भ्रामक एआइ जेनरेटेड वीडियो प्रसारित करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
एयरपोर्ट का संचालन करने वाली दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने पुलिस को ऐसे 63 इंटरनेट मीडिया हैंडल की जानकारी दी है, जिनसे एयरपोर्ट पर भारी जलभराव और उड़ानों का परिचालन पूरी तरह ठप होने संबंधी भ्रामक सामग्री प्रसारित की गई।
छह सितंबर को दर्ज हुई थी FIR
डायल की शिकायत पर छह सितंबर को FIR दर्ज की गई थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस की साइबर टीम 63 खातों के संचालकों की पहचान में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि भ्रामक वीडियो और तस्वीरें तैयार करने वाला कौन है और इन्हें इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने के पीछे क्या उद्देश्य था।
बारिश के बाद तेजी से फैलीं भ्रामक पोस्ट
चार सितंबर को दिल्ली-एनसीआर में हुई मूसलाधार वर्षा के बाद इंटरनेट मीडिया पर आइजीआइ एयरपोर्ट से संबंधित कई वीडियो और तस्वीरें तेजी से प्रसारित हुई थीं।
इनमें टर्मिनल और रनवे को पानी में डूबा हुआ दिखाया गया था। कुछ पोस्ट में एयरपोर्ट पर बाढ़ आने और विमान परिचालन पूरी तरह बंद होने का दावा किया गया था।
जांच में कुछ सामग्री एआइ से तैयार होने की बात सामने आई है। वहीं, कई पुरानी या दूसरे स्थानों की वीडियो क्लिप को आइजीआइ एयरपोर्ट का बताकर प्रसारित किया गया।
जलभराव हुआ, लेकिन एयरपोर्ट बंद नहीं
डायल के अनुसार, तेज वर्षा के दौरान टर्मिनल-2 और टर्मिनल-3 के बाहरी फोरकोर्ट और कुछ अप्रोच मार्गों पर जलभराव हुआ था। इससे यात्रियों को कुछ समय के लिए परेशानी जरूर हुई, लेकिन एयरपोर्ट का परिचालन बंद नहीं हुआ। पंपों की मदद से जलभराव वाले हिस्सों से पानी निकाल दिया गया था।
11 उड़ानें दूसरे एयरपोर्ट डायवर्ट
चार सितंबर को दोपहर करीब 2:15 से 4:15 बजे के बीच तेज बारिश, कम दृश्यता और खराब मौसम के कारण विमान परिचालन प्रभावित हुआ था। इस दौरान करीब 11 उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट किया गया, लेकिन एयरपोर्ट पूरी तरह बंद नहीं हुआ।
पुलिस अब 63 खातों के संचालकों की पहचान के साथ भ्रामक सामग्री के मूल स्रोत की भी जांच कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तस्वीर या वीडियो को सत्यापित किए बिना साझा न करें।
