विपरीत परिस्थितियों में भी समाज को साथ लेकर कार्य करने की मंशा : अंजू जैन
जागरण संवाददाता बाहरी दिल्ली एक ओर फंड की कमी के कारण उत्तरी दिल्ली नगर निगम में वि
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली: एक ओर फंड की कमी के कारण उत्तरी दिल्ली नगर निगम में विकास कार्यों की गति धीमी हो गई है तो दूसरी ओर पीतमपुरा वार्ड स्थित पार्क में छतरी का उद्घाटन व नामकरण का कार्य किया गया है। करीब 50 लाख की लागत से इस पार्क के विकास का कार्य किया गया। इस मौके पर क्षेत्र की निगम पार्षद अंजू जैन ने बताया कि दिल्ली सरकार द्वारा निगम को 13 हजार करोड़ की धनराशि देनी हैं और सरकार की मंशा है कि वह निगम को पंगू बना दें लेकिन उत्तरी दिल्ली नगर निगम के पार्षद विपरीत परिस्थितियों में रहकर और समाज को साथ लेकर कार्य करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि अग्रवाल समाज के राधे श्याम मुरथल परिवार द्वारा दो छतरियों का निर्माण कराया गया है जिसकी लागत करीब 20 लाख आई है। उन्होंने इस कार्य में मुरथल परिवार के युवाओं के सहयेाग के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर जयप्रकाश ने कहा कि राधे श्याम जी की स्मृतियों को याद रखने के लिए उनके नाम पर पार्क के द्वार का नामकरण किया गया है। उनके कार्यों से सामाजिक कार्यों को करने की प्रेरणा मिलती हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में फैले हुए कूड़े के ढेर को लेकर उन्होंने दिल्ली सरकार को घेरते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली में फैली हुई गंदगी दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन सरकार निगम कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है। इस मौके पर पार्षद ने कहा कि निर्माण कार्य के बाद समाज के लोगों ने इसे निगम को समर्पित किया और अब उत्तरी दिल्ली नगर निगम इसे जनता को समर्पित कर कर रही है। करीब साढ़े सात एकड़ में फैले इस पार्क में दो द्वार बनाए गए हैं जिसमें क्षेत्र के लोगों का योगदान है। पार्षद ने स्पष्ट कहा कि दिल्ली सरकार पैसा दे न दें लेकिन समाज का साथ लेकर और आरडब्ल्यूए का सहयोग लेकर इसी तरह विकास कार्य आगे भी करती रहूंगी। इससे पहले भी कई विकास कार्यों को लोगों के सहयोग से पूरा किया है। समाज के साथ उनके माध्यम से सभी विकास कार्य करती रहूंगी। इस दौरान केशवपुरम जिला अध्यक्ष राज कुमार भाटिया व कार्यकर्ता मौजूद रहे।