विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डीडीए अपने 10 खेल परिसरों में शुरू करेगा स्केटिंग कोचिंग, EWS को मिलेगा मुफ्त ट्रेनिंग

Published: Tue, 15 Sep 2026 09:16 PM (IST)

दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) अपने 10 खेल परिसरों में स्केटिंग कोचिंग का विस्तार करने जा रहा है, जिसके लिए पेशेवर कोच और एजेंसियों से प्रस्ताव मांगे गए हैं।

डीडीए अपने 10 खेल परिसरों में शुरू करेगा स्केटिंग कोचिंग। (एआई जेनरेटेड इमेज)

डीडीए अपने 10 खेल परिसरों में शुरू करेगा स्केटिंग कोचिंग। (एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. डीडीए 10 खेल परिसरों में स्केटिंग कोचिंग शुरू करेगा।

  2. आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रशिक्षुओं को मुफ्त प्रशिक्षण मिलेगा।

  3. कोचिंग एजेंसियों से 18 सितंबर 2026 तक प्रस्ताव मांगे गए।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) अपने खेल परिसरों में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए स्केटिंग की कोचिंग व्यवस्था को विस्तार देने जा रहा है। डीडीए ने 10 खेल परिसरों में स्केटिंग कोचिंग के संचालन के लिए पेशेवर कोच और कोचिंग एजेंसियों से प्रस्ताव मांगे हैं। इनमें चिल्ला, मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स, राष्ट्रीय स्वाभिमान खेल परिसर, पूर्वी दिल्ली खेल परिसर, द्वारका सेक्टर-11, वसंत कुंज, सिरीफोर्ट, यमुना, पश्चिम विहार, नेताजी सुभाष स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स शामिल हैं।

इस योजना की खास बात यह है कि कोचिंग एजेंसी को कम से कम 10 प्रतिशत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के प्रतिभाशाली प्रशिक्षुओं को मुफ्त प्रशिक्षण देना अनिवार्य होगा। यदि डीडीए इससे अधिक बच्चों को मुफ्त प्रशिक्षण देने का फैसला करता है तो अतिरिक्त प्रशिक्षुओं के लिए कोचिंग शुल्क में कोच/एजेंसी के हिस्से का भुगतान डीडीए करेगा। मुफ्त प्रशिक्षण नहीं देने वाली एजेंसी के अनुबंध का विस्तार नहीं किया जाएगा।

छह दिन, शाम के समय होगी कोचिंग

अधिकांश परिसरों में स्केटिंग की कोचिंग सप्ताह में छह दिन शाम पांच से सात बजे तक प्रस्तावित है। वसंत कुंज और यमुना स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में समय शाम चार से छह बजे रखा गया है। वसंत कुंज में गर्मी के मौसम में समय शाम पांच से सात बजे रहेगा।

57 हजार से ज्यादा सदस्य, हर महीने पहुंचते हैं 3.64 लाख लोग

डीडीए के मुताबिक उसके खेल परिसरों में 57,067 से अधिक सदस्य हैं और हर महीने करीब 3.64 लाख लोग इन सुविधाओं का इस्तेमाल करते हैं। फिलहाल इन परिसरों में विभिन्न खेलों की करीब 169 कोचिंग योजनाएं चल रही हैं, जिनमें 11,020 से अधिक प्रशिक्षु प्रशिक्षण ले रहे हैं।

कोचिंग का संचालन राजस्व साझेदारी के आधार पर होगा। आउटडोर खेलों में कोच/एजेंसी और डीडीए के बीच शुल्क की हिस्सेदारी 60 : 40 होगी। वहीं जिन इनडोर सुविधाओं में प्रशिक्षण सामग्री का बड़ा हिस्सा डीडीए उपलब्ध कराता है, वहां हिस्सेदारी 50 : 50 होगी। गैर-सदस्यों से सदस्यों की तुलना में 25 प्रतिशत अधिक शुल्क लिया जाएगा।

प्रस्ताव 18 सितंबर 2026 शाम चार बजे तक डीडीए के खेल विभाग में जमा किए जा सकते हैं। कोचिंग अनुबंध एक वर्ष का होगा, जिसे प्रदर्शन और अन्य शर्तों के आधार पर अधिकतम पांच वर्ष तक सालाना बढ़ाया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में हॉस्टल की कमी होगी दूर, PPP मॉडल पर 10 हजार विद्यार्थियों के लिए बनेंगे नए छात्रावास; होगा सर्वे