विवादों में रहे जोन उपायुक्त का तबादला
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : विवादों में रहे शाहदरा दक्षिणी जोन के उपायुक्त अतीक अहमद क
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : विवादों में रहे शाहदरा दक्षिणी जोन के उपायुक्त अतीक अहमद का पूर्वी दिल्ली नगर निगम मुख्यालय में तबादला कर दिया गया है। अब उनकी जगह बृजमोहन मिश्रा को शाहदरा दक्षिणी जोन का उपायुक्त बनाया गया है। अतीक अहमद को निगम मुख्यालय में कई विभागों का मुखिया बनाया गया है। उनके पास उद्यान, शिक्षा, फैक्ट्री लाइसें¨सग और आइटी आदि विभाग का कार्यभार होगा। अहमद के तबादले को लेकर निगम मुख्यालय में खासी चर्चा रही। पिछले निगम की नियुक्ति समिति से लेकर सदन तक ने अहमद को जोन (फील्ड) से हटाने का प्रस्ताव पास किया था।
इन विवादों में घिरे थे अतीक अहमद
शाहदरा दक्षिणी जोन में तैनाती के दौरान अतीक अहमद अक्सर विवादों में रहे। कई पार्षद उनसे नाराज थे। यही वजह रही कि सत्ता पक्ष के पार्षदों में सिर्फ तीन पार्षद ही थे, जो उन्हें हटाने के पक्ष में नहीं थे। कुछ माह पहले वह तब विवाद में आए थे, जब उन्होंने आधिकारिक वाट्सएप ग्रुप पर अश्लील तस्वीर डाल दी थी। पार्षद गुंजन गुप्ता ने आनंद विहार व हिमांशी पांडेय ने शकरपुर थाने में इस बाबत शिकायत भी दी थी। आनंद विहार थाने में प्राथमिकी भी दर्ज हुई थी। हालांकि, इस मामले में अभी कार्रवाई स्थगित है। इसके अलावा पिछले दिनों कन्वर्जन शुल्क नहीं चुकाने के मामले में पांच हजार लोगों को नोटिस दिए जाने पर भी वह आरोपों से घिरे थे। कई पार्षदों ने उन पर आरोप लगाया था कि वह गलत तरीके से नोटिस भेज रहे हैं। नोटिस में तारीख भी गलत लिखी गई थी। हालांकि, इस मामले में निगम ने अखबार में विज्ञापन देकर नोटिस में गलत तारीख इंगित होना स्वीकार किया था।