अब सुधरेगी शाहदरा वार्ड की सफाई: निर्मल जैन
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली: शाहदरा वार्ड की सफाई व्यवस्था निगम अधिकारियों की लापरवाही
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली: शाहदरा वार्ड की सफाई व्यवस्था निगम अधिकारियों की लापरवाही की वजह से चौपट हो रही है। वार्ड में सफाई तो लगातर हो रही है, लेकिन वार्ड में निगम की ओर से टैक्टर व टिपर का भुगतान नहीं किया जा रहा है। निगम ने सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए अब वार्ड को तीन नए ऑटो टिपर दिए। बुधवार सुबह इनका उद्घाटन किया गया। यह कहना है निगम पार्षद व नेता सदन निर्मल जैन का।
दैनिक जागरण से बातचीत में उन्होंने बताया कि पहले वार्ड में चार ऑटो टिपर थे, जिनमें दो खराब रहते थे। दो टिपर से वार्ड का कूड़ा उठवाया जाता था। यह काफी नहीं था। निगम को लिखित में शिकायत पत्र देकर वार्ड के लिए ऑटो टिपर की मांग कर रखी थी। अब निगम ने वार्ड को नए तीन टिपर दिए हैं। वार्ड में टिपरों से कामकाज की निगरानी के लिए सफाई निरीक्षक व उनका स्टाफ के अलावा भाजपा शाहदरा मंडल कार्यकर्ताओं की पांच टीमें बनाई जाएंगी। वार्ड में टिपर रोजाना सुबह 9 बजे से पूर्व घर-घर से एकत्र व नालियों से निकाला गया कूड़ा उठाएंगे। इस मौके पर सोनू कुमार, गोपाल शर्मा, संगीता शर्मा, सुरेश शर्मा मौजूद रहे।