अवैध संबंध के शक में पत्नी की आंखों में डाल दिया था तेजाब
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : पहाड़गंज के मुल्तानी ढांडा इलाके में एक युवक ने अवैध संबंध के शक में पत्नी की आंखों में तेजाब डाल दिया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
पहाड़गंज के मुल्तानी ढांडा इलाके में युवक ने अवैध संबंध के शक में ससुराल जाकर पत्नी की आंखों में तेजाब डाल दिया। इलाज से आंखें बच गई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को तीस हजारी कोर्ट में पेश कर तिहाड़ जेल भेज दिया गया।
पीड़िता पति के साथ नबी करीम में रहती हैं। पति शराबी और आपराधिक प्रवृत्ति का है। एक मामले में वह कुछ महीने के लिए जेल गया था। हाल ही में वह जेल से छूटकर बाहर आया था। उसे शक हुआ कि उसके जेल जाने पर पत्नी के एक युवक से अवैध संबंध हो गए थे। इसी शक पर दोनों के बीच झगड़ा होना शुरू हुआ। इस वजह से पीड़िता मुल्तानी ढांडा स्थित मायके आ गई। बीते शनिवार की रात पति ने ससुराल आकर शौचालय की सफाई में काम आने वाला तेजाब पत्नी की आंखों में डाल दिया। महिला को पहले लगा कि उक्त तरल पदार्थ पानी है, लेकिन जब जलन होने लगी तो वह चीखने लगीं। इसके बाद आरोपित वहां से फरार हो गया। पुलिस में शिकायत करने पर उसे दबोच लिया गया।