पुलिसकर्मी बन कंपनी के फील्ड ब्वॉय से रुपये छीने
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : करोलबाग थाना क्षेत्र में बदमाशों का गिरोह पुलिसकर्मी बनकर लोगों से
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : करोलबाग थाना क्षेत्र में बदमाशों का गिरोह पुलिसकर्मी बनकर लोगों से लूटपाट में लगा हुआ है। बुधवार की दोपहर एक मोटर कंपनी में कार्यरत फील्ड ब्वॉय बैंक से लौट रहे थे। तभी तीन बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उनको रोककर उनके पास मौजूद रुपये छीन लिए। बाद में सभी फरार हो गए। घटना से घबराए पीड़ित ने घर जाने के बाद घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) को दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
चंद्र कांत शर्मा बक्करवाला गांव में रहते हैं। वे मुंडका में टाटा मोटर में फील्ड ब्वॉय हैं। बुधवार दोपहर में वे कंपनी के काम से करोलबाग इलाके में गए थे। दोपहर 2 बजे वे कोटक महिंद्रा बैक से कंपनी के कागजात लेकर लौट रहे थे। करोलबाग मेट्रो स्टेशन तक जाने के लिए उन्होंने रिक्शा किया था। चंद्र कांत शर्मा ने बताया कि जैसे ही उनका रिक्शा लिबर्टी सिनेमा के पास पहुंचा था। तभी वहां मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग आए। उन्होंने कहा कि वे पुलिस से हैं। सभी की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच थी। उन्होंने डराते हुए कहा कि कहां से आ रहे हो और बैग में क्या है? इतना कहकर उन्होंने उनके बैग की तलाशी शुरू कर दी। संयोग से बैग में कुछ नहीं था। बाद में बदमाशों ने उनके पैकेट में रखे उनके ढाई हजार रुपये लूटकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पीड़ित के पिता प्रेमचंद शर्मा ने बताया कि बदमाश बैंक से ही चंद्र कांत शर्मा के पीछे लगे हुए थे। उन्हें उम्मीद थी कि बैग में मोटी रकम होगी। उन्होंने बताया कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना से उनके बेटे काफी दहशत में आ गए थे। लिहाजा, उन्होंने घर आने के बाद शाम को घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी।