यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 17, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पाकिस्तान में खेलने को बेताब गाजियाबाद का होनहार क्रिकेटर ओमवीर
मोदीनगर के बिशौखर के रहने वाले दिव्यांग क्रिकेटर ओमवीर सिंह के पाकिस्तान दौरे पर जाने का रास्ता साफ हो गया ...और पढ़ें

गाजियाबाद। मोदीनगर के बिशौखर के रहने वाले दिव्यांग क्रिकेटर ओमवीर सिंह के पाकिस्तान दौरे पर जाने का रास्ता साफ हो गया है। दैनिक जागरण की खबर के बाद मामला प्रकाश में आने पर क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी सीताराम यादव ने स्वयं मामले का संज्ञान लिया।
इसके बाद सीताराम यादव ने आवेदक को कार्यालय में बुलाया और दिव्यांग क्रिकेटर की पासपोर्ट बनवाने संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी कराईं। अब अगले तीन दिन में उनका पासपोर्ट बन जाएगा।
ओमवीर का चयन पाकिस्तान में सात से 15 अप्रैल तक भारत-पाकिस्तान की दिव्यांग टीमों के बीच होने वाले तीन एक दिवसीय एवं दो टी-20 मैचों के लिए हुआ है।
इसके लिए पाकिस्तान क्रिकेट एसोसिएशन फार द फिजिकली हैंडिकैप्ड के पत्र के बाद फिजिकली चैलेंज्ड क्रिकेट एसोसिएशन आफ इंडिया के संस्थापक महासचिव रवि चौहान ने ओमवीर को पत्र लिखकर इस संबंध में जानकारी दी। उन्हें 20 मार्च तक पासपोर्ट भी जमा कराने के लिए कहा गया था।
जिस पर ओमवीर ने तत्काल पासपोर्ट बनवाने के लिए एसडीएम से लेकर एडीएम व डीएम तक मदद की गुहार लगाई। लेकिन किसी न उसकी मदद नहीं की।
दैनिक जागरण ने इस संबंध में बुधवार के अंक में (पाकिस्तान में खेलने के लिए नहीं बन रहा तत्काल पासपोर्ट) शीर्षक से समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया।
समाचार पढ़ने के बाद क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी सीताराम यादव ने बुधवार दोपहर ओमवीर को अपने कार्यालय में बुलाया और उसकी आवेदन की समस्त औपचारिकताएं पूरी कराकर अगले तीन दिन में पासपोर्ट जारी बनने का आश्वासन दिया।
ओमवीर ने इसके लिए जहां दैनिक जागरण के प्रयास की सराहना की। वहीं उसने क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी सीताराम यादव की जमकर सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद कहा।
