अस्पतालों में नहीं चलेगी लापरवाही! सीएम रेखा गुप्ता का औचक निरीक्षण, मरीजों से खुद पूछा- डॉक्टर समय पर आते हैं या नहीं ?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सिविल लाइंस स्थित अरुणा आसफ अली अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, जहां उन्होंने मरीजों और उनके ...और पढ़ें
HighLights
मुख्यमंत्री ने अरुणा आसफ अली अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।
मरीजों व परिजनों से संवाद कर सुविधाओं का जायजा लिया।
गर्मियों के लिए विशेष इंतजाम और स्वच्छता के निर्देश दिए।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज सिविल लाइंस स्थित अरुणा आसफ अली अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा कर वहां दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और मरीजों व उनके परिजनों से सीधे संवाद कर डॉक्टरों की उपलब्धता और मिल रही व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
नागरिक-केंद्रित स्वास्थ्य तंत्र पर जोर
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों, कर्मचारियों और अस्पताल प्रबंधन के साथ बैठक कर फीडबैक लिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक आधुनिक, तेज और संवेदनशील बनाने की दिशा में कड़े निर्देश दिए। श्रीमती गुप्ता ने स्पष्ट किया कि सरकार का संकल्प दिल्ली के हर नागरिक को एक ऐसा स्वास्थ्य तंत्र प्रदान करना है, जहाँ समय पर उपचार के साथ-साथ आधुनिक सुविधाएं और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित हो सके, ताकि हर मरीज को सम्मानजनक सेवा प्राप्त हो।
गर्मियों के लिए विशेष इंतजाम के निर्देश
बढ़ती गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता, ठंडे पीने के पानी की व्यवस्था, स्वच्छता और मरीजों की सुख-सुविधा से जुड़े सभी इंतजाम सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरे किए जाएं। उन्होंने प्रबंधन को सुनिश्चित करने को कहा कि गर्मी के कारण किसी भी मरीज या तीमारदार को असुविधा न हो।
संवेदना और विश्वास का केंद्र बनेंगे अस्पताल
मुख्यमंत्री ने अपनी प्राथमिकताओं को दोहराते हुए कहा कि दिल्ली का हर अस्पताल सेवा, संवेदना और विश्वास का केंद्र बने, इसी दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य है कि हर परिवार को भरोसेमंद स्वास्थ्य सुरक्षा मिले और हर नागरिक को समय पर उपचार उपलब्ध हो।" मुख्यमंत्री के इस औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रबंधन में हलचल रही और उन्होंने व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
