CAB Delhi Protest: प्रदर्शन की वजह से बंद किए गए सभी मेट्रो स्टेशन दोबारा से खोले गए
प्रदर्शन को देखते हुए बंद किए गए सभी सातों मेट्रो स्टेशन को दोबारा से खोल दिया गया है। अब मेट्रो का परिचालन सामान्य हो गया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र/जेएनएन। नागरिकता कानून के खिलाफ दिल्ली में मंगलवार को भी प्रदर्शन किया गया। सीलमपुर इलाके में प्रदर्शनकारियों ने बसों में तोड़फोड़ की और पुलिस पर पथराव किया। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सात मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया था जिन्हें अब दोबारा से खोल दिया गया है। अब मेट्रो का परिचालन सामान्य हो गया है।
बता दें कि सीलमपुर में हिंसक प्रदर्शन की वजह से जाफराबाद और मौजपुर-बाबरपुर मेट्रो स्टेशन पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दिया गया था। इसके अलावा सीलमपुर, वेलकम, गोकुलपुरी, शिव विहार और जौहरी एन्क्वेव मेट्रो स्टेशन को भी बंद कर दिया गया। इन सभी मेट्रो स्टेशनों पर ट्रेन नहीं रूक रही थी। यहां पर एंट्री और एग्जिद दोनों बंद कर दिए गए थे।
उधर, सीलमपुर इलाके में प्रदर्शनकारियों ने आगजनी की। जाफराबाद थाने के पास एक शौचालय को भी प्रदर्शनकारियों ने फूंक दिया। जाफराबाद रोड पर स्थित एक पुलिस चौकी में भी तोड़फोड़ की गई। पूर्व विधायक मतीन अहमद का कहना है कि ये बाहरी लोगों का किया धरा है। उनकी रैली शांतिपूर्ण थी। वहीं, वेलकम लोहा मंडी के अध्यक्ष रईस अहमद ने बताया कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण चल रहा था। लेकिन प्रदर्शन के बीच कुछ असामाजिक तत्व घुस गए। उनकी तरफ से पत्थरबाजी शुरू की गई। फिलहाल अब स्थिति नियंत्रण में है।
प्रदर्शनकारियों ने की बसों में तोड़फोड़
बता दें कि मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान सीलमपुर में भीड़ हिंसक हो गई। उपद्रवियों ने बसों में तोड़फोड़ की। कुछ जगहों पर हिंसक प्रदर्शन की वजह से पुलिस को ही पीछे हटना पड़ा। बताया जा रहा है कि पत्थरबाजी में शाहदरा डीसीपी अमित शर्मा को चोट लग गई है। प्रदर्शन की वजह से कई जगहों पर जाम की भी सूचना है।
सोमवार को छह मेट्रो थे बंद
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के कारण सोमवार को छह मेट्रो स्टेशन बंद रहे। दिल्ली पुलिस के निर्देश पर दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया मेट्रो स्टेशन से दोपहर में यात्रियों का आवागमन रोक दिया। इसके बाद शाम को पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, लोक कल्याण मार्ग व जनपथ मेट्रो स्टेशन को भी बंद कर दिया गया।
केंद्रीय सचिवालय स्टेशन को छोड़कर अन्य पांच स्टेशनों पर मेट्रो नहीं रुक रही थी। केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन येलो लाइन (हुडा सिटी सेंटर-समयपुर बादली) व वायलेट लाइन (कश्मीरी गेट-फरीदाबाद) के साथ इंटरचेंज स्टेशन है। इसलिए केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर मेट्रो रुक रही थी ताकि यात्री इस स्टेशन पर उतरकर मेट्रो बदल सकें। शाम करीब साढ़े छह बजे सभी स्टेशनों से यात्रियों की आवाजाही दोबारा शुरू की गई। जिससे व्यस्त समय में यात्रियों को सफर में राहत मिली।