विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CBSE की स्कूलों को सलाह, बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए LOC में नाम, विषय और फीस की गलती न करें स्कूल

Published: Tue, 29 Sep 2026 08:09 PM (IST)

सीबीएसई ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की बोर्ड परीक्षाओं के पंजीकरण और परीक्षार्थियों की सूची (एलओसी) प्रक्रिया पर स्कूलों की शंकाएं दूर करने के लिए एक वेबिनार आयोजित किया।

सीबीएसई की स्कूलों को सलाह।

सीबीएसई की स्कूलों को सलाह।

HighLights

  1. सीबीएसई ने 2027 बोर्ड परीक्षाओं के पंजीकरण और एलओसी पर वेबिनार किया।

  2. छात्रों के व्यक्तिगत विवरण, विषय चयन, शुल्क पर स्कूलों को जानकारी दी।

  3. स्कूलों को सही जानकारी दर्ज करने और नियमों का पालन करने के निर्देश।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर पंजीकरण और परीक्षार्थियों की सूची (एलओसी) प्रक्रिया को लेकर स्कूलों की शंकाएं दूर कीं।

बोर्ड की ओर से मंगलवार को द्वारका स्थित सीबीएसई इंटीग्रेटेड कार्यालय में रजिस्ट्रेशन और एलओसी की प्रासंगिकता विषय पर लाइव सवाल-जवाब वेबिनार आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों के व्यक्तिगत विवरण, विषयों के चयन, एलओसी में जानकारी भरने और शुल्क समेत विभिन्न मुद्दों पर स्कूलों के सवालों के जवाब दिए गए।

वेबिनार में सीबीएसई अधिकारियों ने प्रधानाचार्यों और शिक्षकों के सवालों के जवाब दिए। इनमें विद्यार्थियों के नाम समेत अन्य व्यक्तिगत विवरण में सुधार, विषयों के चयन और बदलाव, एलओसी के डाटा को जमा करने व सत्यापन, नौवीं और 11वीं के विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन और शुल्क संबंधी प्रावधानों से जुड़े सवाल शामिल रहे।

32 हजार स्कूलों के विद्यार्थियों से जुड़ी प्रक्रिया

सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं की 2027 बोर्ड परीक्षाओं के लिए एलओसी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, नौवीं और 11वीं के विद्यार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। यह प्रक्रिया देशभर के साथ 26 देशों में संचालित करीब 32 हजार सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थियों से जुड़ी है।

बोर्ड ने स्कूलों को पंजीकरण और एलओसी के दौरान विद्यार्थियों की जानकारी, खासकर व्यक्तिगत विवरण और विषयों के संयोजन की सही जानकारी दर्ज करने पर जोर दिया। शुल्क संबंधी नियमों का पालन करने के साथ विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) से जुड़े प्रविधानों को भी सही तरीके से लागू करने के निर्देश दिए गए।

स्टूडेंट्स और पैरेंट्स को समय पर मिले जानकारी

सीबीएसई ने स्कूलों से कहा कि विद्यार्थियों और अभिभावकों को समय पर आवश्यक जानकारी दी जाए और प्रक्रियागत समस्याओं का समाधान पहले ही कर लिया जाए। इससे विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के दौरान अनावश्यक प्रशासनिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सीबीएसई के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया गया। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और अन्य हितधारक शामिल हुए। वहीं, सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों के 450 से अधिक प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने द्वारका स्थित कार्यालय में प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया।

बोर्ड ने विद्यार्थियों और स्कूलों को पंजीकरण, एलओसी और बोर्ड परीक्षा से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखने की सलाह दी।

यह भी पढ़ें- CBSE तीन भाषा नीति पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: क्लास 6 के बच्चों को राहत, नहीं देनी होगी बोर्ड परीक्षा