बिहार से बुलेट की डिमाड पर दिल्ली में करते थे चोरी
दिल्ली पुलिस ने ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जिसके सदस्य दिल्ली से बुलेट चुराकर सिवान में बेचते थे।
गौतम कुमार मिश्रा, पश्चिमी दिल्ली
पंजाबी बाग थाना पुलिस ने चोरों के एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसके निशाने पर सिर्फ बुलेट मोटरसाइकिल होती थी। वे मांग पर चोरी करते थे और खरीदार को तस्वीर भी भेजते थे। चोरी की सभी बुलेट बिहार के सिवान में खपाई जाती थीं। गिरोह के सदस्य छह महीने में दिल्ली से करीब 50 बुलेट चुराकर सिवान में बेच चुके हैं। गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान पंकज, सन्नी व प्रिंस के रूप में हुई है। तीनों सिवान के रहने वाले हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
पिछले दिनों तिलक नगर, हरि नगर, राजौरी गार्डन व आसपास के इलाकों में बुलेट चोरी की कई वारदात से पुलिस की नींद उड़ी हुई थी। एक के बाद एक वारदात को देखते हुए पुलिस को शक था कि कोई गिरोह वारदात को अंजाम दे रहा है। पंजाबी बाग पुलिस ने इस मामले में काम करना शुरू किया और आरोपितों तक पहुंच गई। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि गिरोह में कई बदमाश हैं और सभी की अलग-अलग भूमिका है। गिरोह के कुछ सदस्य दिल्ली में किराए के कमरे में रहते हैं और सिवान से मिले आर्डर के आधार पर उस मॉडल और रंग वाली बुलेट की तलाश करते हैं। तलाश पूरी होने पर सिवान में बैठे खरीदार को तस्वीर वाट्सएप पर भेजी जाती है। इसके बाद कुछ बदमाश मौका पाते ही बुलेट चोरी कर लेते हैं और खुद चलाकर सिवान ले जाते हैं। यह काम दो से तीन दिन में पूरा कर लिया जाता है ताकि पुलिस न तो आरोपित को पकड़ पाए और न ही बुलेट पुलिस की नजर में आए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इनकी शातिराना हरकत का पता इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनकी चुराई एक भी बुलेट दिल्ली में नही है। अब पुलिस की टीम बिहार जाकर वहां जांच-पड़ताल करेगी। सिवान में खरीदारों को भी दबोचने का प्रयास किया जाएगा।