विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

30 की उम्र तक ऐसे करें हड्डियों की देखभाल, बुढ़ापे में नहीं सताएगा ऑस्टियोपोरोसिस; जानें डॉक्टरों के टिप्स

Published: Tue, 20 Oct 2026 08:18 AM (IST)

हड्डियों की मजबूती के लिए सिर्फ दूध ही काफी नहीं है, बल्कि संतुलित आहार, प्रोटीन, विटामिन डी और सक्रिय जीवनशैली आवश्यक है।

प्रोटीन और विटामिन-डी है जरूरी (AI-Generated image)

प्रोटीन और विटामिन-डी है जरूरी (AI-Generated image)

अनूप कुमार सिंह, नई दिल्ली। हड्डियों की मजबूती की चिंता अक्सर तब होती है, जब वे कमजोर होने लगती हैं या फिर मामूली चोट और गिरने भर से फ्रैक्चर हो जाता है। आस्टियोपोरोसिस में हड्डियां धीरे-धीरे कमजोर और खोखली होने लगती हैं, आरंभिक अवस्था में इसके लक्षण स्पष्ट नहीं होते।

विशेषज्ञों का परामर्श है कि हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए बचपन और किशोरावस्था से ही सही खानपान व सक्रिय जीवनशैली अपनाना आवश्यक है, तभी हड्डिया उम्र भर मजबूत से आपका साथ देती रहेंगी। पर, इसके लिए केवल दूध पीना पर्याप्त नहीं है, बल्कि कैल्शियम के साथ प्रोटीन और विटामिन डी भी आवश्यक हैं।

30 की उम्र तक हड्डियों की मजबूती पर दें ध्यान

बचपन और किशोरावस्था में हड्डियों का तेजी से विकास होता है। युवावस्था में हड्डियां अपनी अधिकतम मजबूती हासिल करती हैं। 30 वर्ष की उम्र तक हड्डियों के विकास और मजबूती पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। यह हड्डियों का बेहतर विकास भविष्य में आस्टियोपोरोसिस का खतरा कम करने में मदद करता है।

उम्र बढ़ने के साथ हड्डियों का घनत्व घटता है। महिलाओं में मेनोपाज के बाद यह प्रक्रिया तेज हो जाती है।

थाली में शामिल करें कैल्शियम और प्रोटीन

दूध, दही, पनीर, रागी, दालें और हरी पत्तेदार सब्जियां कैल्शियम के अच्छे स्रोत हैं। दाल, दूध-दही, पनीर और सोया जैसे खाद्य पदार्थों से पर्याप्त प्रोटीन भी मिलता है। विटामिन डी शरीर को कैल्शियम के अवशोषण में मदद करता है। इसके लिए उचित धूप और संतुलित खानपान पर ध्यान देना चाहिए।

गलत दिनचर्या से कमजोर होती हैं हड्डियां

लंबे समय तक बैठे रहना, शारीरिक गतिविधियों की कमी, अत्यधिक डाइटिंग और धूम्रपान हड्डियों की सेहत को नुकसान पहुंचाते हैं। नियमित पैदल चलना, सीढ़ियां चढ़ना हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है।

'हड्डियों की मजबूती की नींव बचपन में ही पड़ती है। पर्याप्त कैल्शियम, प्रोटीन और विटामिन डी के साथ नियमित शारीरिक गतिविधियां जरूरी हैं। इससे आस्टियोपोरोसिस का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है।'

-डॉ. यश गुलाटी, वरिष्ठ सलाहकार, हड्डी रोग विभाग, इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल

'दूध कैल्शियम का अच्छा स्रोत है, लेकिन हड्डियों को स्वस्थ रखने के लिए सिर्फ इसी पर निर्भर रहना सही नहीं है। संतुलित आहार, पर्याप्त प्रोटीन, विटामिन डी और नियमित व्यायाम भी जरूरी हैं।'

-डॉ. गौरव शर्मा, विभागाध्यक्ष, हड्डी रोग विभाग, स्वामी दयानंद अस्पताल